400 से अधिक लोगों ने लिया भाग, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित

गुरुग्राम। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार जिला गुरुग्राम में आज से “सूर्य नमस्कार अभियान–2026” का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत व्यायामशाला, आयुष ग्राम ख्वासपुर से की गई।
स्वामी विवेकानन्द जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य, वार्ड संख्या–5 श्रीमती रितु यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि का स्वागत जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने पौधा भेंट कर किया एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि स्वामी विवेकानन्द जयंती से प्रारंभ यह सूर्य नमस्कार अभियान जिले भर में एक माह तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों को योगिक विधि से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे वे सही तकनीक के साथ नियमित योग अभ्यास कर सकें। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
जिला योग समन्वयक डॉ. विकास यादव ने जानकारी दी कि सूर्य नमस्कार अभियान के साथ-साथ व्यायामशाला ख्वासपुर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 400 से अधिक लोगों ने सहभागिता की और आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. शशि यादव (नोडल अधिकारी), डॉ. सुमन यादव, श्री अनुराग, योग सहायक श्री विनोद कुमार, श्री विक्रम सिंह, श्री जोगिंदर सिंह, बेबी, माधुरी, पतंजलि योग संस्थान से श्री जगदीश जी तथा आरएसएस से श्री सत्यनारायण जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी ने योग को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ऐसे अभियानों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
आयुष विभाग एवं मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत ख्वासपुर का विशेष आभार व्यक्त किया गया।







