नगर निगम गुरुग्राम में होगा तकनीक का विस्तार, निरीक्षण व शिकायत निवारण होंगे एप आधारित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 जनवरी के बाद अधिकारियों के निरीक्षण मोबाइल एप आधारित होंगे, निरीक्षण की रिपोर्ट, शिकायत पंजीकरण तथा समाधान की प्रक्रिया व निगरानी होगी और अधिक प्रभावी

गुरुग्राम, 9 जनवरी। नगर निगम गुरुग्राम की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित एक समीक्षा बैठक में डिजिटलीकरण, शिकायत निवारण प्रणाली, सफाई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में अधिकारियों को जानकारी दी गई कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा एक नई मोबाइल एप विकसित की गई है, जिसका उपयोग प्रथम चरण में निगम अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। यह एप शहर में किए जाने वाले निरीक्षणों के दौरान सामने आने वाली शिकायतों को मौके पर ही दर्ज करने, उनकी निरंतर निगरानी करने तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में सहायक होगी। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि 15 जनवरी के बाद नगर निगम अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले सभी निरीक्षण अनिवार्य रूप से एप आधारित होंगे। इससे न केवल शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी, बल्कि निगम के पास एक मजबूत और विश्वसनीय डेटाबेस भी तैयार होगा।

मोबाइल एप पर दर्ज दैनिक उपस्थित रिपोर्ट के आधार पर वेतन अदायगी

समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर निगम गुरुग्राम में कार्यरत सहायक सफाई निरीक्षकों की वेतन अदायगी अब मोबाइल एप पर दर्ज की जाने वाली दैनिक उपस्थिति रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। यदि कोई सहायक सफाई निरीक्षक एप के माध्यम से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं करता है, तो उसकी वेतन अदायगी प्रभावित होगी। इस व्यवस्था से सफाई कार्यों में अनुशासन और जवाबदेही बढ़ेगी।

खाली जमीन की सफाई बनाए रखना संबंधित मालिक की जिम्मेदारी

सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन विभागों या व्यक्तियों की खाली जमीन शहर में पड़ी हुई हैं, वे अपनी जमीनों की चारदीवारी सुनिश्चित करें, ताकि वहां कूड़ा न डाला जा सके। जमीन की सफाई बनाए रखना संबंधित मालिक की जिम्मेदारी होगी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ऐसी जगहों की पहचान कर संबंधित जमीन मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे और उनके खर्च पर ही सफाई कराई जाएगी। नगर निगम गुरुग्राम के इन निर्णयों से न केवल निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, बल्कि नागरिकों को तेज, सुविधाजनक और जवाबदेह सेवाएं भी सुनिश्चित हो सकेंगी।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम नागरिक सेवाओं को आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग कर रहा है। निरीक्षण और शिकायत निवारण की प्रक्रिया को मोबाइल एप से जोड़ने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिकायतों का मौके पर ही पंजीकरण हो, उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इससे कार्यों में लापरवाही की गुंजाइश कम होगी और जवाबदेही तय होगी।

उन्होंने कहा कि सहायक सफाई निरीक्षकों की उपस्थिति को एप से जोडऩे से सफाई व्यवस्था में अनुशासन आएगा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य तकनीक के माध्यम से सेवा वितरण को सरल, तेज और नागरिक हितैषी बनाना है तथा इन सभी निर्णयों को निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर उतारा जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें