हरियाणा में बढ़ता भ्रष्टाचार राज्य सरकार की विफलता का प्रमाण: कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-पिछले पाँच वर्षों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में 78.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है

-राजस्व, पुलिस, भूमि और प्रशासनिक विभागों में भ्रष्टाचार गंभीर समस्या

चंडीगढ़, 6 जनवरी। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा है कि हरियाणा में भ्रष्टाचार की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। हाल के आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि पिछले पाँच वर्षों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में 78.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और राज्य देश में भ्रष्टाचार के मामलों में सातवें स्थान पर पहुँच गया है।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की जो बातें कही जाती हैं, वे केवल कागज़ों और भाषणों तक सीमित रह गई हैं। ज़मीनी हकीकत यह है कि राजस्व, पुलिस, भूमि और प्रशासनिक विभागों में भ्रष्टाचार आम नागरिक के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डबवाली क्षेत्र के एक नागरिक को भ्रष्टाचार से तंग आकर इच्छा मृत्यु जैसी बात कहनी पड़ी। यह किसी भी संवेदनशील लोकतांत्रिक सरकार के लिए गंभीर चेतावनी होनी चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामले यह दर्शाते हैं कि सरकार न तो व्यवस्था पर नियंत्रण रख पा रही है और न ही दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो रही है। आम जनता को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे, दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करे और जनता को पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन दे। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!