गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

₹1 लाख का इनामी अंतर्राज्यीय बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गुरुग्राम, 5 जनवरी 2026। गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए नूंह पुलिस द्वारा घोषित ₹1 लाख के इनामी व कुख्यात अंतर्राज्यीय बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

यह कार्रवाई उप-निरीक्षक ललित कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम के नेतृत्व में CIA सेक्टर-40 और CIA पुन्हाना (मेवात) की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।

मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम

04–05 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि को अपराध शाखा को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी यादराम (50 वर्ष) बिना नंबर की बाइक पर हथियारों के साथ सोहना की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सोहना–गुरुग्राम रोड स्थित महेंद्रवाड़ा कच्चा रास्ता क्षेत्र में सुनियोजित नाकाबंदी की गई।

रात्रि लगभग 10:15 बजे बिना नंबर की होंडा लिवो बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की गोली सरकारी वाहन के दरवाजे, बोनट तथा उप-निरीक्षक ललित कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

पुलिस ने अत्यंत संयम और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही काबू कर लिया गया।

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम यादराम, निवासी पच्छैया बस्ती बनारसीदास, जिला औरैया (उत्तर प्रदेश) बताया। वर्तमान में वह गिरिराज नगर, जयपुर (राजस्थान) में किराए पर रह रहा था।

घटनास्थल से बरामदगी

मौके से पुलिस ने:

  • 1 बिना नंबर की बाइक
  • 1 हेलमेट
  • 1 देशी कट्टा
  • 1 पिस्टल
  • 9 खाली कारतूस
  • 2 जिंदा कारतूस
    बरामद किए।

मुठभेड़ के दौरान कुल 10 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें 6 फायर आरोपी और 4 फायर पुलिस द्वारा किए गए।

दर्ज मुकदमा

आरोपी के खिलाफ थाना भौंडसी, गुरुग्राम में BNS की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपी के खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गृहभेदन और शस्त्र अधिनियम सहित करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
नूंह (मेवात) में एक ज्वेलर्स की दुकान में गृहभेदन के मामले में उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था।

आगे की कार्रवाई

फिलहाल आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है। डिस्चार्ज होने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

गुरुग्राम पुलिस का संदेश

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और पुलिस पर हमला करने वालों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें