15 दिन में समाधान के निर्देश के बावजूद हालात जस के तस, जनता त्रस्त — चौधरी संतोख सिंह

गुरुग्राम, 4 जनवरी 2025। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने गुरुग्राम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा है कि जब अधिकारी मुख्यमंत्री के स्पष्ट आदेशों को भी नहीं मान रहे, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?

उन्होंने बताया कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धनवापुर अंडरपास में हो रहे जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभाग को 15 दिन का स्पष्ट समय दिया था और कहा था कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों को जारी हुए 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्य शुरू हुआ है और न ही मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई दे रही है। आज भी धनवापुर अंडरपास में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण यातायात बार-बार बाधित हो रहा है, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते जनता में रोष और निराशा बढ़ती जा रही है।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि धनवापुर अंडरपास के निर्माण में नौ वर्षों का लंबा समय लगा, जिससे पहले ही जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ी। अब अंडरपास चालू हुए लगभग एक वर्ष हो चुका है, लेकिन तब से लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है, जो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से धनवापुर अंडरपास में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु कार्य शुरू करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी।







