-वर्ष 2021 में शुरू किया गया था यह अभियान
गुरुग्राम। नवकल्प फाउंडेशन की ओर से कंबल, जूते वितरण का अभियान 2026 में छठे साल में प्रवेश कर गया है। वर्ष 2021 में यह अभियान शुरू किया गया था। वर्ष 2025 तक संस्था की ओर से करीब 2700 जोड़ी जूते वितरित किये जा चुके हैं। हर दूसरे, तीसरे दिन संस्था के पदाधिकारी, सदस्य जूतों का वितरण करने निकलते हैं। गरीबों, जरूरतमंदों को जूते पहनाकर, कंबल ओढ़ाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का काम करते हैं।
समाजसेवी भारतेंदु मेहता के सानिध्य में संस्था के सदस्य घाटा गांव की गौशाला में सेवा भारती के बनी धाम बाल संस्कार केंद्र के बच्चों के पास पहुंचे। वहां बच्चे उपहार के रूप में जूते पाकर काफी प्रसन्न हुए। नवकल्प फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष अनिल आर्य ने बताया कि आओ हाथ बढ़ाएं अभियान 2021 में शुरू किया था। इसमें स्कूली बच्चों को कपड़े के शूज, जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, कंबल भी वितरित किए जाते हैं। बीते साल अभियान में पिरामिड इंफ्रा के प्रमुख और समाजसेवी दिनेश शर्मा का विशेष सहयोग रहा है। ज्योति हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. मंजू भारती भी हर वर्ष की भांति हमारा उत्साहवर्धन करती हैं। इस बार भी किया। टीम नवकल्प की ओर से सभी का हृदय से आभार किया जाता है। नवकल्प के महासचिव डॉ. सुनील आर्य ने कहा कि हम चाहते हैं कि आप सब भी आओ हाथ बढ़ाएं मुहिम में हमारे सहयात्री बनें। इस अभियान के सहभागी बनना भी बहुत सरल है। अपनी कार में जूते, कंबल, गर्म टोपी, सॉक्स, ग्लव्ज आदि रखिए। जहां भी कोई जरूरतमंद दिखे, बड़े खुले मन से उसे भेंट कर दीजिए। या फिर नवकल्प के माध्यम से करना चाहें तो हमसे 9811190357 पर संपर्क कर सकते हैं।









