यातायात पुलिस गुरुग्राम की स्कूल बसों पर प्रभावी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

258 स्कूल बसों व चालकों के किए गए चालान, छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता

गुरुग्राम, 31 दिसंबर 2025 : पुलिस आयुक्त गुरुग्राम श्री विकास अरोड़ा, IPS के निर्देशन में यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा स्कूली छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, IPS ने की, जबकि सहायक पुलिस आयुक्त यातायात (मुख्यालय/हाईवे) श्री सत्यपाल यादव, HPS ने इसमें सहयोग प्रदान किया।

यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा 1 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित स्कूल बसों की व्यापक जांच की गई। इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने, सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज पूरे न होने की स्थिति में 258 स्कूल बसों/चालकों के चालान किए गए।

चेकिंग के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्कूल बसों के आगे व पीछे रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए। साथ ही बस चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

चालकों को दी गई आवश्यक सुरक्षा जानकारी

यातायात पुलिस ने स्कूल बस चालकों को छात्रों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिनमें प्रमुख रूप से:

  • छात्रों को चढ़ाते व उतारते समय बस को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करना
  • बस में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्रों को न बैठाना
  • फर्स्ट एड बॉक्स की सभी सामग्री दुरुस्त रखना
  • फायर एक्सटिंग्विशर को निर्धारित समयावधि के अनुसार बदलते रहना
  • बसों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच सुनिश्चित करना

इसके अतिरिक्त, आपात स्थिति में सहायता हेतु डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी भी चालकों को दी गई।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस गुरुग्राम ने कहा कि “छात्र देश का स्वर्णिम भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा हमारा परम कर्तव्य है।”
सभी स्कूल संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने स्कूल बस चालकों को यातायात नियमों की पूर्ण पालना के लिए निरंतर प्रेरित करें।

यातायात पुलिस गुरुग्राम ने दोहराया कि वह सदैव जनता की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें