पिहोवा के गोविंदानंद आश्रम में मासिक कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन, जरूरतमंद कन्याओं को वस्त्र वितरित

पिहोवा (वैद्य प्रमोद कौशिक), 28 दिसंबर। पिहोवा स्थित श्री गोविंदानंद ठाकुर आश्रम में आज मासिक कन्या पूजन एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरि जी महाराज एवं श्रीमहंत बंशी पुरी जी महाराज के मार्गदर्शन तथा आश्रम की महंत सर्वेश्वरी गिरि जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
महंत सर्वेश्वरी गिरि जी महाराज ने बताया कि आश्रम में विगत कई वर्षों से प्रत्येक मास के जेठे रविवार को मां भगवती के स्वरूप में सैकड़ों कन्याओं का पूजन किया जाता है। इस अवसर पर कन्याओं को फल, दक्षिणा के साथ-साथ जरूरत के अनुसार सर्दी-गर्मी के वस्त्र, जूते तथा शिक्षा हेतु पुस्तकें भी वितरित की जाती हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं को कन्या पूजन एवं गोमाता सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य के मार्ग पर चलने से व्यक्ति न केवल तनावमुक्त रहता है, बल्कि अनेक रोगों से भी मुक्त होता है।
इस अवसर पर श्रीमहंत बंशी पुरी जी महाराज ने कहा कि जेठा रविवार मां भगवती को अत्यंत प्रिय होता है। इस दिन विशेष रूप से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने बताया कि इस दिन कन्याओं का पूजन करने से जन्मकुंडली के अनेक दोष समाप्त हो जाते हैं तथा साधक के सौभाग्य में वृद्धि होती है। मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमानों के रूप में राजेंद्र गोयल (लुधियाना), सचिन तायल (पटियाला), मनीष रिंकू जिंदल (सिन्नौर), सुनील मित्तल (करनाल) एवं गोयल परिवार उपस्थित रहा। सभी यजमानों ने संतों के साथ कन्या पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर षडदर्शन साधुसमाज संगठन सचिव वैद्य पंडित प्रमोद कौशिक, डॉ. संजीव कुमारी, सानवी, प्रधान बारू राम बंसल, गुलशन परवंदा, लव छाबड़ा, अनन्य मित्तल अधिवक्ता, सतीश धवन, यश भास्कर, उमेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में आश्रम में पधारी सभी कन्याओं का विधिवत पूजन कर भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रीमहंत बंशी पुरी जी महाराज एवं महंत सर्वेश्वरी गिरि जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।









