गुरुग्राम, 27 दिसंबर: गुरुग्राम के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने गुरुग्राम के विभिन्न वार्डों में सड़क, सीवर एवं जलापूर्ति से जुड़े विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को स्वच्छता, बेहतर आवागमन और सुरक्षित बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

सबसे पहले वार्ड 35, अशोक विहार फेस-1 में सड़क एवं सीवर लाइन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने कहा कि यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता और नागरिकों के बेहतर जीवन स्तर की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इसके पश्चात वार्ड 34, राजेंद्र पार्क में 900 मिमी सीवर लाइन के नवीनीकरण एवं 1200 मिमी नई सीवर लाइन के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में माननीय मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा जी, पार्षद श्रीमती सुरेखा चौहान जी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यह परियोजना सीवर संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान, बेहतर जल निकासी एवं स्वच्छ गुरुग्राम के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी।
इसी क्रम में वार्ड 34 के सागर एनक्लेव में पानी एवं सीवर पाइपलाइन तथा इंटरलॉकिंग टाइल रोड निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। पार्षद सुरेखा चौहान जी एवं वार्ड के सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने कहा कि ये विकास कार्य क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को सशक्त बनाकर नागरिकों के जीवन स्तर को नई दिशा देंगे।
वहीं वार्ड 32, सेक्टर 7 में सीवर लाइन क्लीनिंग एवं डिसिल्टिंग कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा जी, पार्षद श्री विजय परमार जी सहित क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। इस कार्य से सीवर जाम की समस्या से राहत मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने कहा कि “हमारा संकल्प है कि गुरुग्राम के हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और विकास कार्य निरंतर इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।”
इन विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है और लोगों ने जनहित में किए जा रहे इन प्रयासों के लिए विधायक एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।







