बिना पहचान पत्र और रजिस्टर एंट्री के होटल में कमरे देना पड़ा भारी, दो होटल मैनेजर गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

होटल मालिकों के इशारे पर हो रहा था नियमों का खुला उल्लंघन, पुलिस ने दो होटलों पर की सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम, 27 दिसंबर 2025 – गुरुग्राम पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले होटलों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सेक्टर-14 क्षेत्र में दो होटल मैनेजरों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि वे बिना पहचान पत्र और बिना रजिस्टर में एंट्री किए लोगों को कमरे उपलब्ध करा रहे थे।

पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास स्थित कुछ होटलों में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से कमरे दिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-14 की टीम ने होटल डायमंड रिंग और होटल अशोका इन पर अचानक रेड की।

रेड के दौरान जांच में सामने आया कि दोनों होटलों के एंट्री रजिस्टर अधूरे हैं और कई ग्राहकों का कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया था। होटल डायमंड रिंग में काउंटर पर मौजूद मैनेजर ध्रुव पटेल, निवासी गांव रंगीला पार्क, जिला राजकोट (गुजरात) तथा होटल अशोका इन में तैनात मैनेजर दूधनाथ, निवासी गांव बहरामपुर, जिला भोजपुर (बिहार) से पूछताछ की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे होटल मालिक सोनू के कहने पर बिना पहचान पत्र और बिना रजिस्टर में इंद्राज किए कम समय के लिए लोगों को कमरे किराए पर देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो एंट्री रजिस्टर भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अलग-अलग अभियोग दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में होटल मालिक और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें