क्या हरियाणा के युवा अयोग्य हैं?सरकार क्यों कर रही है बाहरी उम्मीदवारों की भर्ती – राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा की साजिश: स्थानीय युवाओं को बेरोजगारी, बाहरी को हरियाणा में नौकरियाँ -राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़ 27/12/ 2025 – हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार की नौकरी भर्ती प्रक्रिया पर तीखा हमला करते हुए कहा कि क्या हरियाणा के युवा इतने अयोग्य हो गए हैं कि सरकार को 70–80 प्रतिशत सरकारी नौकरियाँ बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को देनी पड़ रही हैं? यह हरियाणा के मेहनती युवाओं के हक पर सीधा हमला और उन्हें अपने ही राज्य में दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने की साजिश है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की सोची-समझी नीति के तहत ट्यूटर, पटवारी, क्लर्क, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, HCS, मेडिकल कॉलेज और तकनीकी शिक्षा विभाग की भर्तियों में बड़े पैमाने पर बाहरी उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है। हाल ही में असिस्टेंट इंजीनियर की भर्ती में 214 में से 185 पदों पर बाहरी उम्मीदवारों का चयन इसका स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से भाजपा सरकार “ना पर्ची, ना खर्ची” जैसे नारों के जरिए युवाओं को गुमराह कर रही है। मनोहर लाल खट्टर से लेकर नायब सैनी सरकार तक हरियाणा के युवाओं—विशेषकर सामान्य वर्ग—को बेरोजगारी, पलायन और हताशा ही मिली है। आज हालात ऐसे हैं कि प्रदेश के मेधावी युवा विदेश जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं, जबकि प्रदेश की नौकरियाँ बाहरी लोगों को दी जा रही हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का शायद एकमात्र राज्य है जहाँ भर्ती परीक्षाओं में राज्य की संस्कृति, भाषा, सामाजिक-भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय समझ से जुड़े प्रश्नों की कोई अनिवार्यता नहीं है। भाजपा सरकार को न हरियाणा की पहचान से मतलब है और न ही यहाँ के युवाओं से।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह नीति केवल सामान्य वर्ग ही नहीं, बल्कि आरक्षित वर्गों के युवाओं के रोजगार पर भी खतरा है। डोमिसाइल नियमों में बदलाव कर बाहरी लोगों को हरियाणा में बसाने और हरियाणवी युवाओं को अल्पसंख्यक बनाने की साजिश रची जा रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने मांग की कि हरियाणा पावर यूटिलिटीज में असिस्टेंट इंजीनियर की भर्ती को तुरंत रद्द किया जाए, भर्तियाँ हरियाणा की सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों के अनुरूप हों और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा के युवाओं के गुनहगार हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी को इस भर्ती घोटाले को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

वही राव नरेंद्र सिंह ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस को लेकर कहा कि देश की सबसे पुराने राष्ट्रीय राजनैतिक दल इंडियन नेशनल कांग्रेस का स्थापना दिवस हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में बड़ी धूमधाम से, विधिवत तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी को कार्यक्रम में शामिल होने के अपील की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें