गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में शराब व चरस बरामद

गुरुग्राम, 26 दिसंबर 2025। रायसीना क्षेत्र में बने एक फार्महाउस पर चल रही अवैध पार्टी पर गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी के मुख्य आयोजक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर, म्यूजिक सिस्टम और मादक पदार्थ चरस भी बरामद किया है।
पुलिस थाना भोंडसी गुरुग्राम की टीम को 26 दिसंबर को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि रायसीना पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में बिना अनुमति अवैध पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना के आधार पर श्री सुरेंद्र फोगाट HPS सहायक पुलिस आयुक्त बादशाहपुर के नेतृत्व में थाना भोंडसी, थाना सेक्टर-65, अपराध शाखा-39 व अपराध शाखा-40 की संयुक्त टीम ने फार्महाउस नंबर A-58 रावली रायसीना, भोंडसी में रेड की।

रेड के दौरान फार्महाउस में अवैध पार्टी चलती पाई गई, जहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर सामने आया कि पार्टी का आयोजन आनंद नामक व्यक्ति द्वारा किया गया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने फार्महाउस के एक कमरे से आनंद उर्फ एंडी, निवासी वैशाली, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से 101 बोतल बीयर, 23 बोतल अंग्रेजी शराब, म्यूजिक सिस्टम तथा आरोपी के कब्जे से 130 ग्राम चरस बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के डीजे बजाकर पार्टी आयोजित की जा रही थी।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना भोंडसी में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पार्टी में सप्लाई के लिए चरस किसी अन्य व्यक्ति से खरीदकर लाया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने रेड कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया जाएगा तथा पुलिस हिरासत रिमांड लेकर मामले में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) डॉ. हितेश यादव ने कहा कि नए साल को देखते हुए जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बिना कानूनी अनुमति के किसी भी प्रकार की पार्टी या अवैध गतिविधि पाए जाने पर गुरुग्राम पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।







