नेशनल खेल पुरस्कार 2025 : अर्जुन अवार्ड के लिये 24 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार – ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पहली बार योगासन खिलाड़ी शामिल, सूची में एक भी क्रिकेटर नहीं

दिल्ली, 25 दिसंबर 2025। पेरिस इंटरनेशनल ओलंपिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के तहत अर्जुन पुरस्कार के लिए 24 खिलाड़ियों के नाम तय किए गए हैं, जिनमें शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख प्रमुख हैं। खास बात यह है कि इस बार की सूची में एक भी क्रिकेटर शामिल नहीं है।

उन्होंने बताया कि देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के साथ प्रशस्ति पत्र, पदक और 25 लाख रुपये, जबकि अर्जुन पुरस्कार के साथ 15 लाख रुपये की राशि दी जाती है।
पिछले वर्ष खेल रत्न से विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश, हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और निशानेबाज मनु भाकर को सम्मानित किया गया था।

दिव्या देशमुख अर्जुन पाने वाली पहली महिला शतरंज खिलाड़ी

ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि 19 वर्षीय दिव्या देशमुख वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला शतरंज खिलाड़ी हैं और वे अर्जुन पुरस्कार पाने वाली भी पहली महिला शतरंज खिलाड़ी होंगी।
शतरंज खिलाड़ी विदित गुजराती को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

तेजस्विन शंकर, मेहुली घोष और प्रणति नायक भी शामिल

डेकाथलीट तेजस्विन शंकर ने 2023 एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था और इसी वर्ष एशियन चैंपियनशिप में भी दूसरा स्थान हासिल किया।
दो बार विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता राइफल निशानेबाज मेहुली घोष, जिम्नास्ट प्रणति नायक, और भारत की नंबर एक महिला बैडमिंटन जोड़ी त्रिसा जॉली–गायत्री गोपीचंद के नाम भी सिफारिशों में शामिल हैं।
गायत्री गोपीचंद, राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच और पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन पुलेला गोपीचंद की बेटी हैं।

पहली बार योगासन खिलाड़ी को अर्जुन पुरस्कार

खेल मंत्रालय से मान्यता मिलने के पांच साल बाद पहली बार योगासन खेल से जुड़ी खिलाड़ी आरती पाल का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है।
आरती वर्तमान में राष्ट्रीय और एशियाई चैंपियन हैं। योगासन को 2026 एशियाई खेलों में प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया जाएगा।

क्रिकेट पूरी तरह बाहर

इस वर्ष की सूची में किसी भी क्रिकेटर को शामिल नहीं किया गया है।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आखिरी क्रिकेटर थे, जिन्हें 2023 में अर्जुन पुरस्कार मिला था।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की सूची

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न
  • हार्दिक सिंह (हॉकी)

अर्जुन पुरस्कार

तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंदर (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), प्रणति नायक (जिम्नास्टिक), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रूद्रांक्ष खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भयान (पैरा एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (नौकायन), अखिल श्योराण (निशानेबाजी), मेहुली घोष (निशानेबाजी), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती पाल (योगासन), त्रिसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हॉकी), मोहम्मद अफजल (एथलेटिक्स) और पूजा (कबड्डी)।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!