दुष्कर्म के मनगढ़ंत आरोप लगाकर रुपये ऐंठने और पुराने केस में दबाव बनाने की साजिश का पर्दाफाश

गुरुग्राम | 17 दिसम्बर 2025 – गुरुग्राम पुलिस ने दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराकर अवैध रूप से रुपये ऐंठने और पूर्व में दर्ज बलात्कार के एक मामले में दबाव बनाने की साजिश रचने वाली एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती ने जॉब इंटरव्यू के बहाने बुलाकर चलती कार में दुष्कर्म की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी और झूठा अभियोग दर्ज कराया था।
जॉब इंटरव्यू के नाम पर रची गई झूठी कहानी
पुलिस थाना DLF फेज-2 गुरुग्राम में दिनांक 11 दिसम्बर 2025 को दर्ज शिकायत में युवती (स्थायी निवासी राजस्थान, वर्तमान निवासी दिल्ली) ने आरोप लगाया था कि उसने एक ऑनलाइन जॉब पोर्टल पर नौकरी के लिए प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसे एक मोबाइल नंबर से संपर्क कर 15 नवम्बर 2025 को MG रोड मेट्रो स्टेशन पर इंटरव्यू के लिए बुलाया गया।
शिकायत के अनुसार, एक युवक ने ऑफिस की गाड़ी बताकर उसे कार में बैठाया, जिसमें अजय नामक व्यक्ति ड्राइवर था। पहले उसे MGF मेट्रोपोलिटन मॉल ले जाया गया और फिर लौटते समय चलती गाड़ी में दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी गई। इस शिकायत पर थाना DLF फेज-2 में धारा 351(3), 64(1), 79 BNS के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में खुली साजिश की परतें
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, समय, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज सहित सभी तथ्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में यह सामने आया कि शिकायत पूरी तरह से झूठी, मनगढ़ंत और पूर्व नियोजित थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र @ बिट्टू ने शिकायतकर्ता युवती के साथ मिलकर रुपये ऐंठने तथा उसके खिलाफ पहले से दर्ज बलात्कार के मामले की पीड़िता पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह फर्जी मुकदमा दर्ज कराया।
युवती के खिलाफ जोड़ी गई गंभीर धाराएं
जांच में आरोपों की पुष्टि न होने पर पुलिस ने मूल धाराएं हटाते हुए शिकायतकर्ता युवती के खिलाफ धारा 308(2), 308(4), 3(5), 217, 61 BNS के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तारी और रिमांड
फर्जी मुकदमा दर्ज कराने के आरोप में युवती को 14 दिसम्बर 2025 को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। उसे 15 दिसम्बर 2025 को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती ने जुलाई 2025 में थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम में अभिषेक नामक युवक के खिलाफ भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें आरोपी वर्तमान में जेल में बंद है। जेल में ही अभिषेक की मुलाकात जितेंद्र @ बिट्टू से हुई थी, जो जमानत पर बाहर आने के बाद युवती के संपर्क में आया।
पुलिस के अनुसार, बिट्टू के कहने पर युवती ने रुपये ऐंठने और बदले की भावना से यह झूठा अभियोग रचा। जिस व्यक्ति पर इस मामले में दुष्कर्म का आरोप लगाया गया, उसकी पत्नी द्वारा पहले ही थाना सोहना में जितेंद्र @ बिट्टू के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया जा चुका है। उसी का बदला लेने और दबाव बनाने के लिए यह साजिश रची गई।
पहले भी दर्ज करा चुकी है दुष्कर्म का मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपित युवती द्वारा जुलाई 2025 में भी थाना सेक्टर-14 गुरुग्राम में दुष्कर्म का एक अन्य अभियोग दर्ज कराया गया था।
गुरुग्राम पुलिस का संदेश
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि झूठे और मनगढ़ंत मामलों से न केवल पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग होता है, बल्कि वास्तविक पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।








