-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने भी रैली में की भागीदारी
-भाजपा की देश के खिलाफ नीतियों को भी रैली के मंच से उजागर किया गया

गुरुग्राम। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ओर से वोट चोर गद्दी छोड़ रैली में गुरुग्राम से हजारों लोगों ने शिरकत की। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के नेतृत्व में कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन से गाडिय़ां कार्यकर्ताओं व आम जनता को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। इससे पूर्व सभी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए वोटों की चोरी कर बनाई सरकार से हटने की मांग की।
जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस की वोट चोर गद्दी छोड़ रैली से भाजपा की नींद उड़ गई है। दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम लोग भी पहुंचे और कांग्रेस के इस आंदोलन का समर्थन किया। क्योंकि लोग जानते हैं कि भाजपा वोटों की चोरी करती है। हरियाणा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने वंदेमातरम भी चोरी करने का भाजपा पर आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि ये लोग नेहरू जी व पटेल जी के बीच में दरार पैदा करते हैं। इनके पास कहने और दिखाने को कुछ नहीं है, सिर्फ नेहरू जी पर अपनी बातों से हमला बोलते हैं। देश को इन्होंने बेचने का काम किया है।
पंकज डावर ने बताया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने न्यायालय के दबाव पर आवाज उठाई है। कांग्रेस के नेताओं को तरह-तरह के आरोप लगाकर जेल में बंद किया गया। जो उनकी पार्टी में शामिल हो गए, उसे उनकी वॉशिंग मशीन ने साफ कर दिया। पंकज डावर ने बताया कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने करीब 55 लाख हस्ताक्षर जुटाए हैं।
जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि यह भी देश के लिए सच्ची भक्ति है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के बेटे का आठ घंटे तक ऑपरेशन होना थे। उनको घर पर बुलाया गया, लेकिन वे घर ना जाकर देश बचाने के लिए इस रैली में मौजूद रहे। उन्होंने इस बात को भी सांझा किया कि जब देश के लिए जवान मर रहे हैं, इंदिरा जी, राजीव जी ने कुर्बानी दी है। सोनिया जी ने सबकुछ त्याग दिया। मैं अपने बेटे के लिए इस लड़ाई को छोडक़र नहीं जा सकता। बेटे को कुछ भी हुआ कोई बात नहीं, मगर देश के लोगों को कुछ नहीं होना चाहिए। हमें पीछे नहीं हटना है, पीछे हट जाएंगे तो मर जाएंगे। उनके इस कथन ने रैली में मौजूद लाखों लोगों को भावुक भी किया और जोश भी भरा।
पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस देश बचाने के लिए सत्ताधारी भाजपा के हर उस हथकंडे को उजागर कर रही है, जो भाजपा सरकार बनाने के लिए प्रयोग करती है। देश के लोगों को भी इस बारे में सोचना होगा। हमें प्रलोभन देकर भाजपा हमारा शोषण कर रही है। भाजपा की रीत और नीयत को समझना होगा। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वे व्यक्ति तौर पर भी और मुख्य विपक्ष दल कांग्रेस के साथ जुडक़र देश के लिए काम करे। देश को गर्त में ले जाने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम करे।








