संगठन और सरकार के सशक्त तालमेल से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है सरकार की योजनाओं का लाभ : सीएम नायब सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला : नायब सैनी

चुनावी प्रक्रिया की रीढ़ है बीएलए-1 : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़ में बीएलए-1 की बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री ने संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्ययोजना तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर की चर्चा

चंडीगढ़, 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बीएलए-1 के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्ययोजना तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बीएलए-1 की इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आज संगठन और सरकार के सशक्त तालमेल से ही प्रभावी रूप से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बीएलए-1 की भूमिका को चुनावी प्रक्रिया की रीढ़ बताया। उन्होंने सभी बीएलए-1 को सक्रिय और सजग रहने का आह्वान किया। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बीएलए-1 को उनके कार्य समझाए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरी शक्ति है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा को ताकत देते हैं, जनता के बीच काम करते हुए संगठन की शक्ति को और बढ़ाते हैं। श्री सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रयासों से आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में बीएलए-1 की भूमिका महत्वपूर्ण है।

नायब सैनी ने कहा कि बीएलए-1 की अहम जिम्मेदारी है कि पात्र नागरिक मतदाता सूची से ना छूटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल ना हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना मजबूत और समावेशी लोकतंत्र की आधारशिला है।

बैठक में बोलते हुए नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी भी कहते हैं कि चुनाव हमेशा बूथ से लड़ा जाता है। इसलिए हमारा बूथ प्रबंधन बहुत ही महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार ने जनहित में अनेकों योजनाएं बनाई हैंं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सभी योजनाओं का समान रूप से हर वर्ग के लोगों को लाभ मिल रहा है। सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का काम करें।

चुनावी प्रक्रिया की रीढ़ है बीएलए-1 : पंडित मोहन लाल बड़ौली

भाजपा का कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करता है : बड़ौली

बैठक में बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बीएलए-1 की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बीएलए-1 वह कड़ी हैं, जो पार्टी और जनता को बूथ स्तर पर जोड़ती है। मतदाता सूची से लेकर बूथ प्रबंधन तक बीएलए-1 पर बड़ी जिम्मेदारी होती है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा की हर उपलब्धि के पीछे कार्यकर्ताओं का परिश्रम और राष्ट्रभाव निहित है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करता है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी और नायब सैनी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं से आम लोगों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं। श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी सौंपी जाती है उसे वे निष्ठापूर्वक पूरा करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें