गांव अलियर में आयोजित जनता दरबार में निगम की सभी विंग के अधिकारी रहे मौजूद
निगम क्षेत्र के प्रत्येक गांव में प्रॉपर्टी डाटा सुधार के लिए लगाए जाएंगे कैंप
मेयर ने गांव अलियर में कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की
मेयर ने कहा जनता दरबार के माध्यम से निगम अधिकारी मौके पर सुनेंगे आमजन की समस्याएं
बुधवार को गांव ढाणा के शहीद पार्क में आयोजित किया जाएगा जनता दरबार

9 दिसंबर, मानेसर। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने ‘आपकी मेयर आपके द्वार‘ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को गांव अलियर में जनता दरबार का सफल आयोजन किया। निगम अधिकारियों ने मौके पर आमजन की समस्याएं सुनते हुए समाधान निकालने की दिशा में काम करने का आश्वासन दिया।
जनता दरबार के दौरान आमजन को संबोधित करते हुए मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निगम अधिकारियों के द्वारा ग्रामीणों के बीच पहुंचकर लोगों की समस्याओं से रूबरू करवाना है। अब ग्रामीणों को निगम अधिकारियों से मिलने के लिए कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि अधिकारी स्वयं वार्डों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों से निगम क्षेत्र की बेहतरी के लिए सुझाव मांगे और अधिकारियों को उन सुझावों पर अमल करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि अधिकारियों के पास पूरे निगम के विकास का जिम्मा है,परंतु ग्रामीण अपने क्षेत्र की समस्या और उसके समाधान के बारे में थोड़ा बेहतर जानते हैं।

मेयर ने कहा कि जल्द ही घरों से कूड़ा उठाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इस बार घरों से कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम की गाड़ियां अपने तय समय पर पहुंचेंगी। घरों के बाहर लगे आरएफआईडी टैग को स्कैन करने के बाद ही कूड़ा उठाया जाएगा। कूड़े से संबंधित शिकायत सीधा अब पोर्टल पर की जा सकेगी। ग्रामीणों फीडबैक लेने के बाद ही एजेंसी को भुगतान किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र को साफ रखना हमारी सामुहिक जिम्मेदारी है। घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कूड़े को भी अलग अलग करके डाला जाना चाहिए, ताकि कूड़े का निस्तारण करने के लिए ज्यादा समय न लगे। आमजन से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की भी अपील की।
मेयर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम के सभी गांवों में प्रॉपर्टी डाटा में त्रुटियां है,उन्हें ठीक करने के लिए गांव में लगातार तब तक कैंप आयोजित किए जाएं, जब तक प्रत्येक डाटा त्रुटिरहित न हो जाए। शत प्रतिशत परिणाम के मिलने के बाद ही कैंप का समापन किया जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने जनता दरबार कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि मानेसर क्षेत्र में ऐसा पहली बार हुआ है कि अधिकारी ग्रामीणों से समस्या सुनने उनके पास आए है। ग्रामीणों से मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव का इस पहल के लिए धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने गांव में सामुदायिक केंद्र, खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट, गलियों के निर्माण आदि समस्याएं रखी। मेयर ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान उनके साथ उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन सुशील ठाकरान, एसडीओ अनिल मलिक, टैक्स सहायक उदय सिंह, सीएसआई विजय कौशिक, निगम के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।









