प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का सबसे बड़ा लाभ समाज के उस तबके को हुआ है जिन्हें दशकों तक अनदेखा किया गया : बड़ौली
*सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों की ऑनबोर्डिंग और उनके उत्पादों की डिजिटल लिस्टिंग के लिए कार्यशाला का आयोजन*

चंडीगढ़ , 9 दिसंबर। एमएसएमई, टीडीसी, पीपीडीसी, आगरा (ईएफसी नई दिल्ली) द्वारा रविवार को भाजपा कार्यालय, सेक्टर-8, सोनीपत में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों की ऑनबोर्डिंग और उनके उत्पादों की डिजिटल लिस्टिंग हेतु एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बढ़ई, लोहार, मिस्त्री, प्लंबर, मोची, दर्जी, सुनार, कुम्हार सहित विभिन्न परंपरागत कारीगरों के 150-200 से अधिक लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम का नेतृत्व कथिर राजेन्द्रन (एमएसएमई, टीडीसी, पीपीडीसी, आगरा (ईएफसी नई दिल्ली) ने किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सभी कारीगरों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने पारंपरिक कौशल को डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का सबसे बड़ा लाभ समाज के उस तबके को हुआ है जिन्हें दशकों तक अनदेखा किया गया। श्री बड़ौली ने कहा कि जो पिछड़ा है उसे आगे बढ़ाना ही भाजपा का उद्देश्य है।

श्री बड़ौली ने कहा कि “हमारी सांस्कृतिक विरासत और कला का संरक्षण और प्रचार-प्रसार अधिक से अधिक किया जाना चाहिए। कारीगरों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचने में हरियाणा की नायब सैनी सरकार भी समर्पित भाव से कार्य कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर वर्ग को सशक्ति बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यशाला में कारीगरों को प्रशिक्षण और डिजिटल लिस्टिंग की सुविधा डिजिटल द्रोणाचार्य की समर्पित टीम द्वारा प्रदान की गई जोकि सराहनीय कार्य है। इस दौरान लाभार्थियों को यह भी सिखाया गया कि वे डिजिटल पेमेंट और यूपीआई भुगतान प्रणाली कैसे सेट करें तथा सोशल मीडिया अकाउंट कैसे बनाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण, पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक बाज़ार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। श्री बड़ौली ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल भविष्य में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों को और अधिक सक्षम व आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान देगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, मेयर राजीव जैन, जिला महामंत्री तरुण देविदास, बिजेंद्र मलिक, राजकुमार कटारिया, राजेश शर्मा, गौरी कपूर (संस्थापक, डिजिटल द्रोणाचार्य), डॉ. आकाश शर्मा (डायरेक्टर, डिजिटल द्रोणाचार्य), मोहित कौशिक (सीनियर ट्रेनर, डिजिटल द्रोणाचार्य) और अंकित भारद्वाज (कोर टीम, डिजिटल द्रोणाचार्य) शामिल रहे।









