आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सभी स्वदेशी की तरफ बढ़े : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली  ने किया मॉक यूथ पार्लियामेंट का शुभारंभ

स्वदेशी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अतिथिगण को माता भीमेश्वरी देवी की प्रतिमा,अमरूद और गुरुकुल का च्यवनप्राश से किया सम्मानित

मॉक यूथ पार्लियामेंट में 13 जिलों से पहुंचे युवाओं ने निभाई पक्ष- विपक्ष की भूमिका

चंडीगढ़, 9 दिसंबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सभी को स्वदेशी की तरफ बढ़ना होगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने पूरे देश में हर घर स्वदेशी-घर घर स्वदेशी की मुहिम चलाई हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने मंगलवार को झज्जर स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज गिरावड़ के सभागार में मॉक यूथ पार्लियामेंट का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। श्री बड़ौली ने मीडिया के सवालों का जवाब भी दिया और कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि युवा शक्ति को डिजिटलाइजेशन और तकनीकी युग में स्वदेशी तकनीक को अपनाते हुए आगे बढ़ना है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने  के लिए हर क्षेत्र में स्वदेशी जरूरी है। आज के कार्यक्रम में अतिथि गण को झज्जर की पहचान माता भीमेश्वरी देवी की प्रतिमा, अमरूद और गुरुकुल का च्यवनप्राश भेंट करते हुए सम्मानित करने पर उन्होंने कार्यक्रम संयोजक युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य धनखड़ की स्वदेशी सोच को धरातल पर साकार बताते हुए प्रशंसा की और भविष्य में यह रीति अपनाने का भी आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री बडौली ने कहा कि मॉक यूथ पार्लियामेंट का विषय आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी बनाम विदेशी अच्छा विषय है। पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का आधार है। मॉक यूथ पार्लियामेंट में युवाओं ने पक्ष-विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सकारात्मक सोच के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2014 में दुनिया की 11 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था था आज दुनिया की  चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन कर उभरा है। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना है। अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना है। गुलामी के दौर में अंग्रेजों ने भारत की अर्थव्यवस्था और संस्कृति को बहुत चोट पंहुचाई। अपनी संस्कृति के दम पर अब भारत आगे बढ़ रहा है।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि आज का भारत बदला हुआ भारत है। देश का युवा भाजपा के साथ आगे बढ़ने को आतुर है। जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि ने झज्जर में मॉक युवा पार्लियामेंट आयोजित करने पर आभार जताते हुए  सभी अतिथिगण का स्वागत किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक आदित्य धनखड़ किया। यूथ मॉक पार्लियामेंट  में अध्यक्ष, पक्ष-विपक्ष की भूमिका भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने निभाई और पूरा नजारा देश की संसद की तरह नजर आया।  पक्ष विपक्ष की तरफ आंकड़ो के साथ अपनी बात रखी और सत्ता पक्ष की तरफ से तथ्यों और जवाबदेही के साथ जवाब दिया गया ।
कार्यक्रम संयोजक आदित्य ने झज्जर को मॉक यूथ पार्लियामेंट की मेजबानी देने और सभी की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार प्रकट किया। कार्यक्रम  में जिप चेयरमैन कप्तान बिरधाना, संजय कबलाना, दिनेश कौशिक, राजकुमार कटारिया, आर्य प्रमोद, नरेंद्र भारती, जितेंद्र उर्फ जिते, योगेश जठेड़ी सहित प्रदेश के 13 जिलों से भाजपा युवा मोर्चा से युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस को आईना दिखाया : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने डाक्टरों से की अपील, जनहित में डाक्टर काम पर वापस लौटें

कांग्रेस पर 500 करोड़ रुपये में सीएम की कुर्सी देने वाले ब्यान पर चुटकी लेते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा जनता कांग्रेस की हकीकत जानती है, लेकिन नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस को आईना ही दिखा दिया। एक अन्य सवाल पर श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस को हर चीज में चुनाव दिखाई देता है, इसलिए कांग्रेस पार्टी की दुर्दशा हो रही है।

श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल इतना ही कहा था कि कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के दबाव में वंदे मातरम गीत को छोटा किया था, लेकिन कांग्रेस के लोगों को यह सच्चाई हजम नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता जागरूक है और कांग्रेस की असलियत को जान चुकी है।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक संगठन है जो काम और विचार को लेकर जनता के बीच रहता है। श्री बड़ौली ने हड़ताल पर बैठे डाक्टरों से भी अपील की। उन्होंने डाक्टरों से आग्रह करते हुए कहा कि सभी डाक्टर जनहित को ध्यान में रखकर काम पर वापस लौटें। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार डाक्टरों की मांगों पर सहानूभूति पूर्वक विचार कर रही है। 

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें