गुरुग्राम में नियमित योग ब्रेक की पहल — जिला न्यायिक परिसर में योग सत्र आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा कार्यक्रम

गुरुग्राम। हरियाणा सरकार के आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार प्रदेशभर में सरकारी विभागों में नियमित रूप से योग ब्रेक कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला उपायुक्त गुरुग्राम श्री अजय कुमार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के मार्गदर्शन में जिला न्यायिक परिसर गुरुग्राम में योग अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आयुष योग सहायक अजीत कुमार ने किया।

अब तक जिला उपायुक्त परिसर के कर्मचारी एवं आमजन सहित लगभग 240 प्रतिभागी इन योग सत्रों में भाग ले चुके हैं। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक ने बताया कि कार्य के दौरान लगातार बैठने से ऊर्जा का स्तर कम हो जाता है और थकान महसूस होने लगती है। ऐसे में लिया गया छोटा-सा योग ब्रेक — सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शरीर व मन को पुनः ऊर्जावान बनाता है। नियमित योग अभ्यास से कर्मचारियों की शारीरिक एवं मानसिक कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि योग ब्रेक कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों को कार्यस्थल पर मानसिक शांति, तनाव-नियंत्रण और शारीरिक स्फूर्ति प्रदान करना है, ताकि वे अपनी सेवाएँ और अधिक प्रभावी ढंग से दे सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग ब्रेक को अपने दैनिक कार्यकाल का हिस्सा बनाने और नियमित अभ्यास करने की सामूहिक शपथ ली।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!