दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर ठगी करने वाला 27 वर्षीय ठग गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

96 लोगों से कर चुका हैं लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी

एम.फिल पास ठग गुरुग्राम में चलाता है निजी स्कूल

गुरुग्राम से ठगी कर बिहार में खरीदी जमीन

गुरुग्राम: 03 दिसंबर 2025 – फर्जीवाड़ा करके प्लॉट बेचने वाले आरोपी के विरद्ध गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्यवाही: गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I (EOW-I) ने एक बड़े फर्जीवाड़ा प्रकरण में कार्यवाही करते हुए दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर 96 लोगों से लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले 01 आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

अभियोग का विवरण: दिनांक 18.09.2025 को आर्थिक अपराध शाखा-I, गुरुग्राम द्वारा जांच के उपरान्त एक शिकायत पुलिस थाना भोंडसी, गुरुग्राम में प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि इसने खाटूश्याम प्रॉपर्टी नामक फर्म से रयान एन्क्लेव, देव नगर पार्ट-2, भोंडसी क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। फर्म के मालिक नीतीश कुमार ने स्वयं को प्लॉट का मालिक बताकर इसको प्लॉट का कब्जा दिया। फर्जी एग्रीमेंट टू सेल तैयार कर बिक्री दर्शाई तथा 03 दिन बाद ही धोखे से कब्जा वापस ले लिया और इसको आंशिक राशि लौटाकर इसके साथ लगभग 30 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इसी तरीके से नीतीश कुमार ने लगभग 96 लोगों के साथ धोखाधड़ी करते हुए दूसरों की भूमि को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट के माध्यम से बेचा और कुल मिलाकर लगभग 10 करोड़ रुपये की ठगी की।

पुलिस थाना भौंडसी में अभियोग अंकित: उपरोक्त सम्बन्ध में पुलिस थाना भोंडसी, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित गया तथा आर्थिक अपराध शाखा-I, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा अभियोग में आगामी कार्यवाही/अनुसंधान शुरू किया।

आरोपी की गिरफ्तारी: आर्थिक अपराध शाखा-I, गुरुग्राम की टीम ने पुलिस प्रणाली एवं पुलिस तकनीकी की सहायता के आधार पर कार्यवाही करते हुए दिनाँक 03 दिसंबर 2025 को रीठोज, गुरुग्राम से उपरोक्त अभियोग में फर्जीवाड़ा करके ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया:

गिरफ्तार आरोपी की पहचान: नीतीश कुमार (उम्र-27 वर्ष, शिक्षा-एम.फिल) निवासी गांव मोसादनपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) वर्तमान निवसी देवनगर, रिठोज, जिला गुरुग्राम (हरियाणा)।

आरोपी से पुलिस पूछताछ: प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्ष-2021 में गुरुग्राम आकर खाटूश्याम प्रॉपर्टी के नाम से प्रॉपर्टी फर्म चला रहा है। इसके अतिरिक्त यह रिठोज गांव में शिव गंगा पब्लिक स्कूल भी संचालित करता है। यह दूसरों की जमीन/प्लॉट को अपना बताकर फर्जी एग्रीमेंट ऑफ सेल तैयार करता था तथा लोगों से बड़े पैमाने पर रुपये लेता था। ठगी की गई राशि का उपयोग यह बिहार में किसानों से जमीन खरीकर उन्हें जमीन का भुगतान करने में करता था। आरोपी ने यह भी खुलाशा किया कि यह एक ही प्लॉट/जमीन को 4–5 लोगों को बेचकर फर्जीवाड़ा करता था और इसी प्रकार से यह कुल 96 से अधिक लोगों के साथ ठगी करके अपना शिकार बना चुका है।

आगामी कार्यवाही: पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से इसके अन्य साथियों की पहचान, अन्य संभावित वारदातों का खुलासा, ठगी की गई राशि व संबंधित दस्तावेजों की बरामदगी के लिए विस्तृत पूछताछ की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!