डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक अशोक गर्ग आईएएस हुए सेवानिवृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सकारात्मक सोच के साथ लोगों का भला करने के लिए तत्पर रहें

गुरुग्राम, 28 नवंबर 2025 । डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक श्री अशोक कुमार गर्ग आईएएस आज 33 वर्ष की सेवा के बाद हिसार में सेवानिवृत हो गए। निदेशक प्रोजेक्ट विपिन गुप्ता, निदेशक वित्त रतन कुमार वर्मा और अन्य अधिकारियों ने उन्हें सेवानिवृत्ति पर बधाई दी।

24 नवंबर 1965 को माता शांति देवी और पिता जोगीराम गर्ग के घर में हरियाणा के जींद में जन्मे अशोक कुमार गर्ग ने हरियाणा सिविल सर्विसेज में अपनी सेवाएं देते हुए वर्ष 2009 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति प्राप्त की।

श्री गर्ग ने 24 जून 2025 को प्रबंध निदेशक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का पदभार ग्रहण किया था। हरियाणा सरकार द्वारा दिए गए अनेकों दायित्वों को निभाते हुए हिसार के मंडल आयुक्त एवं एचएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के दायित्व का भी निर्वहन किया।

श्री गर्ग ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और कनिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 से अपनी सरकारी सेवाओं का शुभारंभ करते हुए आज लगभग 33 वर्षों की सेवा के लंबे अंतराल से अलविदा कहने का दिन आ गया है, जो हर अधिकारी – कर्मचारी के लिए तय होता है।

उन्होंने कहा कि हमेशा ही सकारात्मक सोच के साथ अधिकतम लोगों का भला करने के लिए तत्पर रहना चाहिए। सामूहिक कार्य करने में संतुष्टि और खुशी मिलेगी। उन्होंने बताया कि इतने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्हें कभी भी अपने कार्यों के प्रति स्पष्टीकरण आदि नहीं देना पड़ा।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का प्यार और स्नेह अर्जित किया। उन्होंने निगम के हित में अपने कर्तव्यों का पालन किया। उन्होंने सेवा के दौरान संपर्क में आए सभी वरिष्ठों, मित्रों का मार्गदर्शन के लिए और पावर सेक्टर में उच्च दूरदर्शी सोच के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने हरियाणा की सभी बिजली कंपनियों की भावी पीढ़ियों के लिए सफलता और अपने सभी कर्मियों के लिए खुशहाल और धन्य जीवन की कामना की।

श्री अशोक गर्ग की धर्मपत्नी श्रीमती रजनी गर्ग और पारिवारिक सदस्यों ने भी सेवानिवृत्ति के इस अवसर पर सभी अधिकारी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

प्रबंध निदेशक का डीएचबीवीएन के निदेशक मंडल, हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप और डीएचबीवीएन स्पोर्ट्स कमेटी द्वारा अभिनंदन किया गया। निदेशक (प्रोजेक्ट) विपिन गुप्ता एवं निदेशक (वित्त) रतन कुमार वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता ने उनका स्वागत किया। उनके साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!