एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, डीसीपी मानेसर दीपक भी रहे मौजूद

गुरुग्राम, 28 नवंबर। जन समस्याओं की त्वरित सुनवाई और गांवों से सीधे जुड़ाव को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम प्रशासन द्वारा ताजनगर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच ने की, जहां उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर बातचीत की और उनकी मांगों व शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस मौके पर डीसीपी मानेसर दीपक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, ट्रांसफार्मर क्षमता, प्रॉपर्टी आईडी मामलों और अतिक्रमण जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को सामने रखा। अधिकारियों ने कई मुद्दों को मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया में ले लिया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

एसडीएम दिनेश लुहाच ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांवों में जाकर जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित करना और उनकी वास्तविक जरूरतों को समझकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम न केवल शिकायत निवारण का माध्यम है, बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता जांच और लाभार्थियों के पंजीकरण को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ताजनगर में प्राप्त सभी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। रात्रि ठहराव जैसी पहलें सरकार की योजनाओं की पहुंच बढ़ाने, जनभागीदारी को मजबूत करने और ग्रामीण विकास की वास्तविक जरूरतों की पहचान करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही हैं।
डीसीपी दीपक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि समाज से नशा समाप्त करने के लिए परिवार, गांव और प्रशासन—तीनों को साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए 112 हेल्पलाइन, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर और पारदर्शी शिकायत निवारण के लिए मानस पोर्टल (1933) के उपयोग की सलाह दी।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ताजनगर की ओर से अधिकारियों का पारंपरिक स्वागत पगड़ी और फूलमालाओं के साथ किया गया। प्रशासन की ओर से लगाई गई विभिन्न विभागीय जागरूकता स्टॉलों का भी एसडीएम दिनेश लुहाच और डीसीपी दीपक ने निरीक्षण किया और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला परिषद की चेयरपर्सन दीपाली चौधरी, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता अजय शर्मा, बीडीओ नरेश कुमार, नायब तहसीलदार प्रतीक, सरपंच ताजनगर शिवताज सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।









