विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सुनीता विलियम्स को भेजी बधाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सदन की ओर से पारित प्रस्ताव के बाद विदेश मंत्री को लिखा पत्र

चंडीगढ़, 20 मार्च 2025 – हरियाणा विधानसभा में सुनीता विलियम्स व उनकी टीम के सुरक्षित पृथ्वी वापसी पर पारित प्रस्ताव को विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के माध्यम से सुनीता विलियम्स और उनकी टीम को भेजा है। विस अध्यक्ष की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को लिखे पत्र में कहा गया है कि यह ‘अभिनंदन प्रस्ताव’ हरियाणा विधान सभा ने 19 मार्च 2025 को पारित किया है। प्रस्ताव में नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनकी टीम की 19 मार्च, 2025 को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की गई हैं।

इस संबंध में सदन की भावनाओं को अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनकी टीम तक भेजा जाए। गौरतलब है कि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने 19 मार्च को इस संबंध में सदन में एक प्रस्ताव पेश किया था। सदन ने यह प्रस्ताव पारित किया और विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनकी टीम तक सदन की भावनाओं को भेजने का आश्वासन दिया था। विस अध्यक्ष ने कहा है कि यह मानव जगत के लिए बहुत ही गौरव और महत्व का विषय है।

इसके साथ ही विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वीरवार को विधायक सावित्री जिंदल के जन्मदिवस के अवसर पर अपनी और पूरे सदन की ओर से बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सावित्री जिंदल के स्वस्थ जीवन, उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!