होली पर्व समाज को एकता के सूत्र में बंधने का देता है अनोखा संदेश- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा के नागरिकों के साथ फूलों से मनाया होली का पावन पर्व

नगर निकाय चुनाव से मिली जीत से और मजबूत होगी विकसित भारत की राह

चंडीगढ़, 13 मार्च-  मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि होली का पावन पर्व समाज को एकता के सूत्र में बांधने का एक अनोखा संदेश देता है। इस पावन पर्व पर होलिका दहन की लपटों में समाज की तमाम बुराईयां नष्ट हो जाती है और होली के रंगों की तरह समाज खिल उठता है। इन्हीं पावन पर्वों, तीज और त्यौहारों से हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत देश में सबसे अनोखी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को देर सायं लाडवा (कुरुक्षेत्र) में एक निजी पैलेस में होली पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, व हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी ने हल्का लाडवा के नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली और एक-एक नागरिक से मिलकर होली के पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होली के पावन पर्व पर लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा के अपने परिवार के सदस्यों के बीच होली का पर्व मनाकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। इस पावन पर्व के साथ देश की संस्कृति का अनोखा संगम है। इस पावन पर्व पर सभी नागरिक जात-पात, लड़ाई झगडे भूलकर भाईचारे की भावना के साथ एक दूसरे को रंग लगाते है। इस रंग से समाज में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है। इस पर्व के साथ एकता और सहयोग की अटूट धारा बहती है। यह पर्व दुनिया का सबसे अनोखा पर्व है। इस पर्व पर प्रत्येक व्यक्ति को पुराने गिले शिकवे दूर करके भाईचारे की मजबूत कड़ी के साथ जुडऩे का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर एक भारत- श्रेष्ठ भारत की भावना भी मजबूत होती है। होली पर्व के दौरान 36 बिरादरी के लोग एक साथ मिलकर खुशियां मनाते है।

मुख्यमंत्री ने कहा होली पर्व पर सभी को संकल्प भी लेना चाहिए कि स्वच्छता पर फोकस रखेंगे, पर्यावरण को स्वच्छ बनाएंगे, प्राकृतिक रंगों से होली खेलेंगे, जल का संरक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों में लोगों ने भाजपा प्रत्याशियों को एक तरफा जीत दी है। इन चुनावों में लोगों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को और मजबूती देने का काम किया है। अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार तेज गति के साथ विकास करेगी। इस कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन धर्मवीर डागर, जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, नपा अध्यक्षा साक्षी खुराना, नपा चेयरमैन आशीष चक्रपाणी आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!