सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी पार्टियों के बूथ लेवल एजेंट करें नामित- पंकज अग्रवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीएलए की त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने में रहती है अहम भूमिका

चंडीगढ़, 1 मार्च- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री पंकज अग्रवाल ने प्रदेश में राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आह्वान किया है कि वे अपनी-अपनी पार्टियों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नामित करें और इसकी सूची रिकार्ड के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें।

श्री पंकज अग्रवाल आज इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने हाल में ही सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए कि वे अपने-अपने राज्यों में राजनीतिक पार्टियों के बूथ लेवल एजेंट, पोलिंग स्टेशनवार नियुक्त करवाएं और इसका रिकार्ड भी सुरक्षित रखें।

उन्होंने कहा कि हरियाणा 6 राष्ट्रीय स्तर तथा दो राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल हैं। सभी दलों को बूथ लेवल एजेंट 1 और 2 की नियुक्ति करनी है। राजनीतिक दलों के लिए बूथ लेवल एजेंट एक प्राधिकृत व्यक्ति है जो मतदान से संबंधित सामग्री अपनी पार्टी के लिए चुनाव आयोग से लेता है।

उन्होंने कहा कि त्रुटि रहित मतदान सूची तैयार करने में बीएलओ को मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी बूथ लेवल एजेंट उपलब्ध करवाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति करने की चुनाव आयोग ने सिफारिश की थी, लेकिन अधिकांश राजनीतिक दल इसके प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 3 मार्च 2025 तक सभी राजनीतिक दल बूथ लेवल एजेंटों की जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त राजनीतिक दल जिलों में एक या दो व्यक्तियों को अधिकृत करें, जो बीएलए नामित करने के लिए आगे की प्रक्रिया जारी रख सकें। 

उन्होंने कहा कि 4 व 5 मार्च को दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन परिषद में सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की दो दिवसीय कार्यशाल का आयोजन होना है और भारत निर्वाचन आयोग ने बीएलए की नियुक्ति बारे भी एक सत्र का आयोजन भी करना है। इसलिए यह जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की साथ त्रिमासिक बैठक करेंगे। इसके अलावा अगामी बैठक 15 दिन बाद बुलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि अब चुनाव का समय नहीं है, परंतु हमें इस समय का सदुपयोग करते हुए चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सभी औपचारिकताएं रिकार्ड में दुरुस्त करनी हैं। बीएलए की सूची उनमें एक है। बैठक में हरियाणा संयुक्त निर्वाचन अधिकारी श्री अपूर्व व राजकुमार और राजनीतिक दलों में भाजपा की ओर से वीरेंद्र गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से परविंद्र सिंह, सीपीआई (एम) की ओर से एचएस साथी तथा इनेलो की ओर से डा. सत्यव्रत धनखड़  मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!