सड़कों की डीप क्लीनिंग, धूल-मिट्टी हटाने और कूड़ा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने में करें सहयोग
ठंड से बचने के लिए कचरा जलाने की प्रवृत्ति रोकने हेतु जरूरतमंदों को गर्म कपड़े एवं कंबल उपलब्ध करवाने की पहल करें पार्षद
गुरुग्राम, 27 नवंबर। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने जमीनी स्तर पर प्रयास तेज करने की दिशा में पहल की है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
निगमायुक्त ने पार्षदों से कहा है कि वे अपने वार्डों में सड़कों की डीप क्लीनिंग सुनिश्चित करवाएं। सफाई कर्मचारियों के माध्यम से सड़कों और उनके किनारों पर जमा मिट्टी एवं धूल को नियमित रूप से हटवाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि धूल के उड़ने से होने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर कूड़ा-कचरा जलाने की घटनाओं को रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि कहीं भी कचरा जलाने की घटना सामने आती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित निगम अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ठंड से बचने के लिए कचरा जलाने की प्रवृत्ति रोकने पर जोर
निगमायुक्त ने सर्दी के मौसम में ठंड से बचने के लिए लोगों द्वारा कूड़ा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट जलाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोगों को कचरा जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में समझाया जाए और उन्हें ऐसा करने से रोका जाए।
इस दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल करते हुए उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में सक्रिय सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, आरडब्ल्यूए एवं अन्य सहयोगी संगठनों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े तथा कंबल वितरित करवाने का प्रयास करने का अनुरोध किया। इससे जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव मिलेगा और ठंड से राहत पाने के लिए कूड़ा-कचरा जलाने की मजबूरी को भी कम किया जा सकेगा।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से मिलेगा बेहतर परिणाम
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। सभी पार्षद यदि अपने वार्डों में व्यक्तिगत निगरानी और सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करें, तो प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पार्षदों को आश्वस्त किया कि इस कार्य में नगर निगम की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए और नागरिकों से अपील है कि वे स्वच्छता एवं प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में सहभागी बनें। सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही गुरुग्राम को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।








