महिला आरक्षण और परिसीमन पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को विश्वास में लेने की मांग
रेवाड़ी, 27 नवंबर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने सवाल उठाया है कि शीतकालीन सत्र के समय मानसून सत्र का सत्रावसान किए बिना 30 नवंबर को लोकसभा की विशेष बैठक क्यों बुलाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार अपने बहुमत के बल पर मनमाने ढंग से कानून पारित कराना चाहती है। इससे संसदीय परंपराओं को चोट पहुंच रही है।
विद्रोही ने एक बयान में कहा कि संसद के कामकाज में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि जब कानून बनाने की प्रक्रिया पर ही संदेह उठे तो लोकतंत्र कैसे सुरक्षित रहेगा?
परिसीमन का मुद्दा उठाते हुए विद्रोही ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण की आड़ में अपनी सुविधा के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर सरकार को कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य दलों को विश्वास में लेना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि विधेयक के लिए समर्थन जुटाने में दलबदल, धन के प्रलोभन और जांच एजेंसियों के दबाव का इस्तेमाल हो सकता है।
विद्रोही ने जनता से अपील की कि वह लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर सड़कों पर आवाज उठाए।








