रोहतक में चार लोगों की हत्या, हरियाणा की कानून व्यवस्था पर जवाब दे भाजपा सरकार – कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हत्याओं, फिरौती, रंगदारी और गोलीबारी की घटनाओं पर उठाए सवाल, ढाबे पर गोली चलाने वालों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

चंडीगढ़, 27 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा ने रोहतक में एक ढाबे पर गोलीबारी में चार लोगों की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। सांसद ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस वारदात ने एक बार फिर हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था को उजागर कर दिया है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्या, फिरौती और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों का दुस्साहस बढ़ रहा है और आम नागरिकों को अपनी जान की चिंता है। सांसद ने सवाल किया कि लगातार सामने आ रही इन वारदातों के बावजूद भाजपा सरकार ठोस कदम क्यों नहीं उठा रही है? आखिर सरकार ने हरियाणा को किस हाल में पहुंचा दिया है कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं?

सांसद ने कहा कि व्यापारियों और दुकानदारों को फिरौती की धमकियां मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। सरकार बताए कि ऐसी शिकायतों पर कितने मामलों में कार्रवाई हुई और धमकी मिलने के बाद पीड़ितों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए। सांसद ने कहा कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है।

कुमारी सैलजा ने मांग की कि रोहतक की वारदात की जांच तेजी से पूरी की जाए और हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सांसद ने मृतकों के परिवारों को उचित सहायता देने की भी मांग की। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता को सुरक्षा देने में विफल रही है। मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था की समीक्षा करें और सार्वजनिक रूप से बताएं कि हत्या, फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें