अर्जुन नगर में 2.62 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया सरकारी स्कूल भवन: विधायक मुकेश शर्मा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 19 फरवरी: शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए, अर्जुन नगर, गुरुग्राम में एक नए सरकारी स्कूल भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की कुल लागत लगभग 2.62 करोड़ रुपये आंकी गई है। माननीय विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना को हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी जी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।

विधायक मुकेश शर्मा जी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार नई योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत नगर निगम चुनावों के बाद शीघ्र ही की जाएगी, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्कूल भवन उपलब्ध हो सकेगा।

इस स्कूल भवन के निर्माण से न केवल विद्यार्थियों को एक बेहतर शिक्षण माहौल मिलेगा, बल्कि उनकी बुनियादी आवश्यकताओं को भी पूरा किया जाएगा। नए भवन में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएं और अन्य बुनियादी ढांचे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सके।

विधायक श्री मुकेश शर्मा जी ने कहा कि गुरुग्राम में शिक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की “नॉन-स्टॉप सरकार” शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

इस परियोजना से अर्जुन नगर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपने भविष्य के निर्माण के लिए एक मजबूत आधार प्राप्त होगा। इस महत्वपूर्ण कदम से गुरुग्राम शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!