दिल्ली में हुई भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक, मेयर और चेयरमैनों के नाम का फाइनल पैनल तैयार ……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीजेपी नेताओं ने किया दावा, हरियाणा में नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत तय

चंडीगढ़, 11 फरवरी। नगर निकाय चुनाव के निमित मंगलवार को दिल्ली हरियाणा भवन में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। देर सायं हुई बैठक के दौरान हरियाणा में होने वाले नगर निकाय चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, सांसद धर्मबीर सिंह, सांसद रामचंद्र जांगडा, मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता आदि नेताओं की उपस्थिति में मेयर और चेयरमैन के नामों पर विस्तृत चर्चा कर उम्मीदवारों के नामों के फाइनल पैनल तैयार किए गए। बैठक में बीजेपी नेताओं ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा के नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत तय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने बहुमत के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बनाया हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की कोर ग्रुप की बैठक में मेयर और चेयरमैन के नामों पर विस्तृत रूप से चर्चा करने के बाद प्रत्याशियों के नामों का फाइनल पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है जिस पर जल्द ही निर्णय लेने के बाद नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि चुनाव चाहे छोटा हो या बड़ा भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर चुनाव को गंभीरता से लड़ता है। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए हैं और भाजपा चुनाव में अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में नॉन स्टॉप विकास करा रहे हैं। हरियाणा के लोगों का विश्वास भाजपा लगातार बढ़ रहा है। भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर लोगों ने तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाई और अब नगर निकाय चुनाव में भी जनता कमल खिलाएगी और विकास के नाम पर भाजपा को वोट देगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!