फरुखनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनीयों का निर्माण निरंतर और निर्बाध जारी
बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र की फरुखनगर तहसील भ्रष्टाचार का अड्डा
निकाय चुनाव के बीच में सत्ताधारी भाजपा सरकार पर बड़ा हमला
फतह सिंह उजाला
फरुखनगर। तहसीलों में पटवारी के द्वारा पर्सनल अटेंडेंट अथवा सहायक रखने के साथ ही भ्रष्ट राजस्व अधिकारियों की लिस्ट सार्वजनिक होने का मामला सुर्खियों में बना हुआ है । राजस्व विभाग के आरोपी भ्रष्टाचारी कर्मचारियों/ अधिकारियों की नाम और जाति सहित सूची सार्वजनिक होने के बाद विरोध प्रदर्शन के मामले भी नियमित अंतराल पर सामने आ रहे हैं। सरकार के द्वारा राजस्व विभाग के भ्रष्टाचारी आरोपी ठहराए जा रहे कर्मचारियों अधिकारियों पर कार्रवाई का दावा भी किया जा रहा है । भ्रष्टाचार के आरोपो को निकाय चुनाव के बीच में सत्ताधारी भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमले ठहराया जा रहा है।
इसी बीच में मनोहर सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक प्रभावशाली मंत्री के बाद अब नायब सैनी सरकार में भी मंत्री राव नरवीर सिंह के निर्वाचन क्षेत्र की फरुखनगर तहसील में भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर ने फरुखनगर तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में मीडिया मंत्रणा में कहा की फरुखनगर तहसील भ्रष्टाचार अड्डा बना हुआ है। कृषि भूमि पर अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनीयों पर अंकुश लगाने के लिये बनाये गये नियमों एवं प्रावधानों का उल्लंघन करके 50, 100, 200, 300,400 गज की रजिस्ट्री प्रति गज 400-500 रूपये का भ्रष्टाचार करके धड़ल्ले से की जा रही है।
सरकार के आदेशों और नियमों की सरेआम अनदेखी अवहेलना करते हुये कृषि योग्य भूमि को टुकड़ों में बांटकर अवैध कॉलोनीयों का मकड़जाल निरंतर और निर्बाध जारी है। अवैध कॉलोनीयों की प्लॉटिंग में भूमाफिया दलालों से सांठगांठ और अधिकारियों के नाम पर प्लॉटधारकों से वसूली करके रातोंरात अमीर बनने का क्रम निरंतर जारी है। अवैध कॉलोनीयों में निर्माण जोरों पर है। विगत दिनों तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के बढ़ते हुये जनआक्रोश के दृष्टिगत तहसील कार्यालय में मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वाड की रेड मात्र छलावा और धोखा सिद्ध हुई है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुखबीर तंवर के द्वारा आरोपित शब्दों में कहा गया नवनियुक्त तहसीलदार रीता ग्रोवर निडर होकर अवैध कॉलोनीयों में कृषि भूमि की रजिस्ट्री करके भ्रष्टाचार के नवीन आयाम स्थापित कर रही है। प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन अविलम्ब संज्ञान लेकर भ्रष्टाचार की जांच करें और फरुखनगर क्षेत्र में निरंतर पनप रही अवैध कॉलोनीयों पर अंकुश लगाये। इस अवसर पर भीम सिंह सारवान, बिशम्बर थानेदार, महाबीर खेड़ा, पंकज सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।








