हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त और मुख्य सचिव ने की नगर निकाय चुनाव तैयारियों की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*चुनावों के सुचारू संचालन में राज्य निर्वाचन आयोग को दिया जाएगा पूरा सहयोग : मुख्य सचिव*

चंडीगढ़, 10 फरवरी- हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री धनपत सिंह को आश्वासन दिया है कि  आगामी नगर निकाय चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन पूरा सहयोग देगा।

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त और मुख्य सचिव ने आज यहां राज्य में नगर निकायों के आम चुनावों की तैयारियों के संबंध में संयुक्त रूप से एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू करने, कानून एवं व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, जलापूर्ति एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, आबकारी एवं कराधान तथा अन्य मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान, श्री धनपत सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में 8 नगर निगमों के महापौर और सभी वार्डों के पार्षदों, 4 नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सभी वार्डों के पार्षदों के आम चुनाव तथा नगर निगम अंबाला व सोनीपत के महापौर, नगर परिषद सोहना (गुरुग्राम) और नगर पालिका असंध (करनाल) तथा इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र) के अध्यक्ष पद के लिए उप-चुनाव करवाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, नगर पालिका, लाडवा (कुरुक्षेत्र) के वार्ड नंबर 11, नगर पालिका, सफीदों (जींद) के वार्ड नंबर 14 और नगर पालिका, तरावड़ी (करनाल) के वार्ड नंबर 5 के पार्षदों के लिए भी उप-चुनाव होना है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम, पानीपत को छोड़कर, इन नगर निकायों के आम/उपचुनावों के लिए मतदान 2 मार्च को होगा।  नगर निगम, पानीपत के मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए मतदान 9 मार्च को होगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने आगे बताया कि 33 नगर निकायों में कुल 644 वार्ड होंगे, जहां मतदान होगा। इसमें अनुसूचित जाति के लिए 78, अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए 55, पिछड़ा वर्ग (ए) के लिए 29, पिछड़ा वर्ग (ए) की महिलाओं के लिए 34, पिछड़ा वर्ग (बी) के लिए 08, पिछड़ा वर्ग (बी) की महिलाओं के लिए 30, महिलाओं के लिए 111 और अनारक्षित श्रेणियों के लिए 299 वार्ड शामिल हैं।

श्री धनपत सिंह ने बताया कि आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए मतदाता आंकड़े जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार पानीपत को छोड़कर 33 नगर निकायों में कुल 45,26,227 पंजीकृत मतदाता हैं। इसमें 24,03,004 पुरुष मतदाता, 21,23,072 महिला मतदाता और 151 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।  नगर निकायों में 21 नगर पालिका, 4 नगर परिषद और 8 नगर निगम शामिल हैं, जिनमें चुनाव के लिए 4,469 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विनीत गर्ग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री विकास गुप्ता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खंगवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!