दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गांरटी पर लगाई मोहर : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ करेगी कदमताल*

मुख्यमंत्री ने जलेबियां खिलाकर दिल्ली की जनता का जताया आभार, हरियाणा व महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी बंट रही जलेबियां

*केजरीवाल ने दिल्ली के युवाओं को इंजीनियर व डॉक्टर बनाने के दिखाएं थे सपने, खोल दी शराब की दुकानें*

चंडीगढ़, 09 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर मोहर लगाई है। अब मोदी जी की नीतियां दिल्ली में लागू होंगी, लोगों को आयुष्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा और पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजय वर्गीय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाईजर राजीव जेटली भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि अब दिल्ली भी मजबूती से विकसित भारत के साथ कदमताल करेगी और चुनाव में भाजपा की इस बड़ी जीत के लिए मैं दिल्ली के लोगों को शुभकामनाएं देता हूँ। दिल्ली चुनाव में लगे सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी उन्होंने बधाई दी और कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने एक कुशल संगठनकर्ता की तरह काम किया है। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने झूठ बोलकर लोगों को बहकाने वाले नेता से छुटकारा पाया है। अरविंद केजरीवाल ने लोगों से झूठे वायदे कर विकास के सब्जबाग दिखाएं लेकिन उन्होंने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। यमुना नदी को 2025 तक स्वच्छ करने के बार-बार सपने दिखाएं और जब वे इसे पूरा नहीं कर पाएं तो हरियाणा पर नदी में जहर मिलाने तक के झूठे आरोप लगाने लगे। दिल्ली की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर उनके झूठे वायदों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता भी आप-दा पार्टी को इसी तरह सत्ता से बाहर करेगी।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सड़कों को पेरिस जैसी बनाने का वायदा किया था लेकिन जब मैं चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर गया तो वहां घण्टों जाम व टूटी हुई सड़कों के अलावा कुछ नहीं मिला। यमुना नदी की तरफ भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वे गरीब के बच्चों को डॉक्टर व इंजीनियर बनाएंगे लेकिन इसके विपरीत उन्होंने जगह-जगह शराब के ठेके खोलने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली फिर से विकास की दौड़ में शामिल होगी। यह मोदी की गारंटी है कि अगर कहा है तो करेंगें।

*कर्तव्य पथ व इंडिया गेट की बजाय यमुना बनेगा अगला टूरिस्ट डेस्टिनेशन*

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली अब विकसित भारत के साथ अपने कदमताल करेगी। यमुना रिवर फ्रन्ट को इतना सुंदर बनाया जाएगा कि लोग कर्तव्य पथ व इंडिया गेट की बजाय वहां घुमना पसंद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना को स्वच्छ करने व सौन्दर्यकरण करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर तीव्र गति से काम होगा। इसके लिए मेट्रो सेवाओं में बढ़ोतरी होगी और इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने सहित कई योजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।

*चुनाव में दिल्ली के लोगों से किया था जलेबी बांटने का वायदा*

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब मैं चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली आया था तो उस समय मैंने एक दुकान पर रूक कर लोगों के साथ जलेबियां खाई थी। इस दौरान मैंने लोगों से कहा था कि हरियाणा व महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बनेगी और खूब जलेबियां बटेंगी। दिल्ली की जनता ने भाजपा को दिल खोलकर अपना जनादेश दिया है। इसलिए आज मैं खुद अलग-अलग तरीके की जलेबियां दिल्ली की जनता को खिलाने आया हूँ। उन्होंने कहा कि आज यहां गोहाना की मशहूर जलेबियां भी है और छोटी जलेबी व इमरती भी है।

*कांग्रेस दिल्ली में तीसरी बार जीरो पर आउट हुई, इंडी गठबंधन की दूकान बंद*

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी की झूठ को जहां सत्ता से बाहर करने का काम किया है वहीं कांग्रेस पार्टी तीसरी बार जीरो पर आउट हुई है। यह कांग्रेस की हैट्रिक है। इंडी गठबंधन का भी अब कोई भविष्य नहीं है और दिल्ली चुनाव के साथ ही उनकी दुकान भी बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे जी के मंच से निकले अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली की जनता ने विश्वास कर लिया था कि ईमानदार होगा लेकिन उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में सिर्फ झूठ परोसने का काम किया। दिल्ली चुनाव पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मलाई तो केजरीवाल खा गया।

*कुंभ में मोदी व योगी का प्रबंधन रहा बेहतरीन, विपक्ष को सिर्फ कमियां दिखाई देती है*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर एक सवाल के जवाब में कहा कि वह खुद कुंभ मेले में स्नान करके आए है और वहां की व्यवस्था देखकर दंग रह गए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में इतनी अच्छी व्यवस्था के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। कुछ लोगों की सोच कमियां ढूंढकर राजनीति करने की होती है, कोई कमी नजर भी आएं तो वे सरकार को बताएं ताकि उसे दूर किया जा सके।

*स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है, चुनाव चाहे छोटा हो या बड़ा। प्रत्येक कार्यकर्ता उसे गंभीरता से लड़ता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए है और इन चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!