‘प्रबोधन कार्यक्रम’ को गरिमामय बनाने के लिए विस अध्यक्ष ने दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधान परिसर का मुआयना कर एक-एक व्यवस्था का लिया जायजा

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि

हरियाणा पुलिस की टुकड़ी करेगी गार्ड ऑफ ऑनर

चंडीगढ़, 5 फरवरी – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने 14 और 15 फरवरी को होने वाले ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ की तैयारियों के सिलसिले में बुधवार को विधान परिसर का मुआयना कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ के मौके पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। उनके गार्ड ऑफ ऑर्नर के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। विधायकों का प्रशिक्षण विधान सभा के सदन में होगा, इसके लिए सदन समेत पूरे परिसर में विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

इस दौरान लोक सभा की ओर से संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की टीम विधायकों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देगी। ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ के शुभारंभ पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला के गार्ड ऑफ ऑर्नर के लिए विधान भवन का सेरेमोनियल गेट खोला जाएगा। यहां पर हरियाणा पुलिस की टुकड़ी उन्हें सलामी देगी और वे परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण व वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में विधान भवन में प्रवेश करेंगे। विधान सभा के सभी प्रवेश द्वारों के साथ-साथ सदन व प्रमुख रास्तों को फूलों से सजाया जाएगा।

विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 15वीं विधान सभा के गठन के बाद लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला पहली बार हरियाणा विधान सभा आ रहे हैं। उनका स्वागत उनके पद की गरिमा के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विधायकों के लिए यह गर्व की बात है कि ऐसे ज्येष्ठ और श्रेष्ठ व्यक्तित्व के सानिथ्य में हमें यह प्रबोधन कार्यक्रम करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशिष्ट अतिथि व अनेक राज्यों के विधान सभा अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!