क्षेत्रवासी हैं परेशान प्रशासन दे ध्यान

गुडग़ांव, 17 अक्टूबर (अशोक) :  शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जहां कूड़ा करकट व गंदगी के अंबार लगे हैं, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में सीवर ओवरफ्लो होकर आमजन के लिए समस्या बने हुए हैं। क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे आमजन में नगर निगम के प्रति रोष बढ़ता ही जा रहा है। न्यू कालोनी मोड सेे मदनपुरी क्षेत्र की ओर जाने वाली मुख्य सडक़ पर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के निकट सीवर कई माह से ओवरफ्लो होकर उसका गंदा पानी सडक़ पर बह रहा है। इस गंदे पानी की दुर्गंध से क्षेत्रवासी बड़े परेशान हैं। जहां सीवर ओवरफ्लो हो रहा है, वहां पर एक छोटा पार्क भी है।

इस पार्क में प्रतिदिन लोग टहलने के लिए आते थे, लेकिन सीवर के पानी की दुर्गंध के कारण अब लोगों ने आना भी बंद कर दिया है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों का कब्जा हो गया बताया जाता है। पार्क के सामने खाद्य सामग्री की रेहडिय़ां भी लगी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक भी नहीं हो सका है। उनका यह भी कहना है कि इसी क्षेत्र में  जहां जनस्वास्थ्य विभाग का कार्यालय है और वहां पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज के लिए आते हैं।

वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता मोहित ग्रोवर के पिता स्व. मदनलाल ग्रोवर का स्मारक स्थल भी है। नगर निगम की निवर्तमान पार्षद मधु बतरा और पूर्व वरिष्ठ उप महापौर यशपाल बतरा का आवास भी है। कई व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी इस क्षेत्र में आते हैं, जिन पर बड़ी संख्या में  लोग खरीददारी के लिए आते हैं। सडक़ पर भरे सीवर का पानी से ही उन्हें गुजरना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम उनके सब्र का इम्तिहान लेने में लगी है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम को क्षेत्रवासियों के रोष का सामना करना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *