भाजपा ने दस साल तक जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं से किया खिलवाड़ : मोहित ग्रोवर

— पांच अक्टूबर को वोट की चोट देकर गुरुग्राम के साथ प्रदेश की जनता सिखाएगी सबक

— प्रदेश को फिर से खुशहाली और समृद्धि की राह पर ले जाने के लिए कांग्रेस ने सात संकल्प लिए

गुरुग्राम। गुरुग्राम विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी मोहित मदन लाल ग्रोवर ने कहा कि भाजपा ने पिछले 10 सालों में गुरुग्राम के लोगों की उम्मीद और आकांक्षाओं के साथ खिलवाड़ किया है। किसी भी शहर की दशा बदलने के लिए 10 साल काफी होते हैं, लेकिन भाजपा ने जन आकांक्षाओं के अनुरूप काम नहीं किया। इसलिए उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। 5 अक्टूबर को प्रदेश की जनता के साथ गुरुग्राम की जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देगी और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि के लिए कांग्रेस की सरकार का गठन करेगी।

मोहित बलदेव नगर, रामनगर, जलवायु विहार तथा डीएलएफ फेज 1 में मतदाताओं से रूबरू हो रहे थे। अपनी सभाओं में मोहित भाजपा के 10 साल के कुशासन की याद दिलाने से भी नहीं चूक रहे। मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए मोहित एक ही बात याद दिला रहे हैं कि 10 साल में हुई शहर की दुर्दशा को भूल मत जाना।

मोहित ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि भाजपा ने गुरुग्राम के हर वर्ग को छलने का काम किया है। आम नागरिकों प्रॉपर्टी आईडी के नाम पर 5 साल लाइन में लगाए रखा। गरीबों की बीपीएल कार्ड काट दिए। परिवार पहचान पत्र के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ किया गया। एससी समाज की नगर निगम में छह से तीन सीट कर दी। बुजुर्गों को पेंशन के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। व्यापारी वर्ग का भी शोषण किया गया। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली पार्टी ने सबका साथ तो लिया लेकिन गुरुग्राम में विकास की बजाय विनाश करने का प्रयास किया है। चुनावी बेला में विकास का दम भरने वाली भाजपा के पास लोगों के सवालों के जवाब तक नहीं है। शहर की टूटी सड़कें, जलभराव, उफ़नते सीवर, चारों ओर पसरी गंदगी में पिछले 10 साल का विकास साफ- साफ दिख रहा है। इस दौरान पार्टी के मीडिया कोऑर्डिनेटर पंकज डावर भी मोहित के साथ रहे और भाजपा की दस साल की नाकामियां गिनाई। पंकज ने लोगों को शहर की भलाई के लिए कांग्रेस को वोट देकर बदलाव का आह्वान किया।

कांग्रेस के सात संकल्प, बदलेंगे प्रदेश के हालात

मोहित ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के सामने अपना संकल्प पत्र रख दिया है। कांग्रेस ने सात पक्के वादों को पूरा करने के इरादे जाहिर किए हैं। कांग्रेस के घोषणा पत्र में प्रदेश के हर वर्ग के हित सुरक्षित किए गए हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हर महीने 2000 रुपये तथा 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया है। बुढ़ापा, विधवा तथा विकलांग पेंशन को 6000 करने का वादा किया गया है। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की भी गारंटी दी गई है। युवाओं के लिए 2 लाख पक्की भर्तियां की जाएंगी। लोगों को 300 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान की जाएगी। लोगों को 25 लख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। हर गरीब को छत मुहैया कराने का संकल्प भी पार्टी ने लिया है। गरीब परिवारों को 100 -100 गज के प्लाट दिए जाएंगे तथा शहरी क्षेत्र में साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से दो कमरों का मकान मिलेगा। किसानों की समृद्धि के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी दी है तथा फसलों का मुआवजा भी किसानों को तत्काल दिया जाएगा। पिछड़ों को उनका हक देने के लिए जातिगत सर्वे कराया जाएगा। क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी।

Previous post

चुनावी मेनिफेस्टो में वादों को पूरा करने के लिए वित्तीय संसाधनों का उल्लेख करना चाहिए — एडवोकेट हेमंत 

Next post

चुनाव प्रचार के दौरान, राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों की आलोचना केवल उनकी नीतियों, कार्यक्रमों, कार्यों तक ही होनी चाहिए सीमित- पंकज अग्रवाल

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!