कांग्रेस के सात संकल्प, होगा हरियाणा का कायाकल्प : पंकज डावर

— भाजपा की तरह झूठ की गारंटी नहीं, संकल्प सिद्ध करने की गारंटी देती है कांग्रेस

— 10 साल की नाकामियां गिनाकर कांग्रेस नेता ने भाजपा पर साधा निशाना

गुरुग्राम। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 5 साल का विजन क्लियर कर दिया है। आने वाले 5 सालों में कांग्रेस अपने सात संकल्पों को सिद्ध कर प्रदेश का कायाकल्प करने के लिए आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के संकल्प, भाजपा की झूठ की गारंटी नहीं है। कांग्रेस ने जो कहा, वह हमेशा किया है। आने वाले 5 सालों में प्रदेश के कायाकल्प के लिए इन सात गारंटियों को भी हर हाल में पूरा करने का संकल्प पार्टी ने लिया है।

पंकज ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के सामने अपना संकल्प पत्र रख दिया है। कांग्रेस ने सात पक्के वादों को पूरा करने के इरादे जाहिर किए हैं। इन सात वादों में महिला, युवा, किसान, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, दलित, पिछड़ों के हितों का ख्याल रखते हुए उनके लिए जनकल्याणकारी योजनाएं अपने संकल्प पत्र में शामिल की है। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में प्रदेश के हर वर्ग के हित सुरक्षित किए गए हैं। महिलाओं को शक्ति प्रदान करने के लिए हर महीने 2000 रुपये तथा 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया है। सामाजिक सुरक्षा को बल देते हुए बुढ़ापा, विधवा तथा विकलांग पेंशन को 6000 करने का वादा किया गया है। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की भी गारंटी दी गई है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के लिए 2 लाख पक्की भर्तियां की जाएंगी। हर घर की खुशहाली के लिए 300 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान की जाएगी। लोगों को 25 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। हर गरीब को छत मुहैया कराने का संकल्प भी पार्टी ने लिया है। गरीब परिवारों को 100 -100 गज के प्लाट दिए जाएंगे तथा शहरी क्षेत्र में साढ़े तीन लाख रुपए की लागत से दो कमरों का मकान मिलेगा। किसानों की समृद्धि के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी दी है तथा फसलों का मुआवजा भी किसानों को तत्काल दिया जाएगा। पिछड़ों को उनका हक देने के लिए जातिगत सर्वे कराया जाएगा। क्रीमी लेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी।

डावर ने कहा कि भाजपा ने झूठ की गारंटियां दी है। कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए हैं वह पूरे किए हैं और आगे भी जनता से किया एक-एक वादे को कांग्रेस सरकार पूरा करेगी। उन्होंने प्रदेश के साथ गुरुग्राम के मतदाताओं को आह्वान किया कि 10 साल के भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकने का यह सही समय है। प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए सभी मिलकर कांग्रेस को वोट करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निश्चित ही कांग्रेस की सरकार बन रही है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद प्रदेश के पौने तीन करोड़ लोगों के सपने पूरे होंगे, उम्मीद को नए पंख लगेंगे। प्रदेश के मतदाताओं को भाजपा की एक-एक कारगुजरियां याद कर आने वाली 5 अक्टूबर को हाथ का बटन दबाकर कांग्रेस की सरकार का गठन करना है।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!