पंचायती जन सेवक पर भाजपा ने तीसरी बार जताया भरोसा, यादव बोले जो कार्य रह गए उन्हें इस बार पूरा करेंगे

भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से बनाएगी सरकार: ओम प्रकाश यादव

भारत सारथी कौशिक 

नारनौल। विधानसभा नारनौल में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री व विधायक ओम प्रकाश यादव ने विशेष मुलाकात में बातचीत करते हुए कहा कि 10 सालों के शासन के बाद भी प्रदेश में कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। यही कारण है कि भाजपा फिर से प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

भाजपा की टिकट मिलने के बाद हुई बातचीत में विधायक ओम प्रकाश यादव अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दिए। जनता में पंचायती प्रतिनिधि के रूप में प्रसिद्ध ओम प्रकाश यादव किस्मत के धनी है। भाजपा ने उनको तीसरी बार टिकट देकर जहां उनके कार्यों पर मोहर लगाई वही अहीरवाल के क्षत्रप राव इंद्रजीत सिंह किसी सिफारिश को अनदेखा नहीं किया। 

ओम प्रकाश यादव रामपुरा हाउस से जब से जुड़े हैं जब वह कृषि विभाग में कृषि विकास अधिकारी के पद पर काम करते थे। उनका पैतृक गांव बजाड़ अटेली विधानसभा में पड़ता है जबकि उनकी कर्मभूमि नारनौल विधानसभा रही है। मतदाताओं में एडीओं के नाम से प्रसिद्ध जनप्रतिनिधि के खिलाफ विरोध की कही आवाज सुनाई नहीं देती। वह अपनी मिलनसार छवि के लिए जाने जाते हैं। 

उन्होंने कहा कि अपना पहला चुनाव उन्होंने 5000 वोटो से जीता था। दूसरा 15 हजार से तथा अब तीसरा चुनाव में 30 हजार वोटो से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि 10 साल राज करने के बाद भी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कोई भी सत्ता विरोधी नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस बार अपने मुकाबले में किसी को भी नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई उम्मीदवार नहीं है। उन्होंने कहा कि वह विकास के मुद्दे को लेकर जनता के सामने वोट मांगने के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 10 सालों में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में अनेक विकास के कार्य किए हैं। युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्चे के नौकरी मिली है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है। नारनौल के पास कोरियावास में मेडिकल कॉलेज खुल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो चुनाव से ज्यादा इस बार जनता उनको पसंद कर रही है।

सवाल: अबकी बार किन मुद्दों को लेकर आप वोट मांगने के लिए जाएंगे

जवाब: इस बार हम गांव में विकास के मुद्दे को लेकर वोट मांगने के लिए जाएंगे। भाजपा सरकार ने चहुंओर विकास करवाया है।

सवाल: भारतीय जनता पार्टी को शासन करते हुए 10 साल हो गए हैं क्या इस बार सत्ता विरोधी नाराजगी का सामना तो नहीं करना पड़ेगा।

जवाब: नहीं बीजेपी के खिलाफ कोई एंटी इनकंबेंसी नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के राज में बिना पर्ची बिना खर्ची के बेरोजगार बच्चे नौकरी लगे हैं। चारों तरफ रोड का जाल बिछा है। कोरियावास में मेडिकल कॉलेज खोला गया है। इसलिए लोग भाजपा से खुश हैं।

सवाल: इस बार आपका मुकाबला किस से होगा। क्या कांग्रेस पार्टी को आप मुकाबले में देखते हैं।

जवाब: मैंने कहा इस बार 30000 से ज्यादा वोटो से जीतेंगे। उनके मुकाबले में कोई नहीं है। कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी कहीं नहीं है।

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!