अपराधियों के मन से खौफ़ और भाजपा सरकार का इकबाल खत्म हो गया है : राव सुखबिन्द्र

छह महीने में हो चुकी दो हजार हत्या, अपहरण और बलात्कार की घटनाएँ

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। प्रदेश में पूरी तरह जंगलराज स्थापित हो चुका है। अपराधी बेख़ौफ़ होकर जघन्य अपराध कर रहे हैं और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

उक्त आरोप वरिष्ठ कांगेस नेता और पूर्व अधीक्षण अभियंता राव सुखबिन्द्र सिंह ने प्रेस के नाम जारी बयान में लगाते हुए कहा है कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ़ और भाजपा सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। बदमाश आये दिन सरेआम हत्याएं कर रहे हैं, फिरौती माँग रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कल हांसी में जजपा नेता की हत्या हुई थी, आज सोनीपत में दूधिये को बीच सड़क गोली मार दी गई| इतना ही नहीं नारनौल जैसे शांत क्षेत्र में भी आज सिरोही बहाली टोल पर गोलियां चलने का समाचार है।

श्री राव ने कहा कि जिस तेजी से बेरोजगारी बढ़ रही है, उसी तेजी से प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार न तो बेरोजगारी को काबू कर पा रही है और न अपराध पर उसका कोई नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में हजारों पद रिक्त पड़े हैं, एसपीओ और होमगार्ड के सहारे काम चलाया जा रहा है। महेंद्रगढ़ जिले में भी पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी तैनात नहीं हैं। इससे भी अपराध को बढ़ावा मिल रहा है।

राव ने कहा कि 6 महीने में ही प्रदेश में 465 हत्याएं, 720 बलात्कार और 813 अपहरण की घटनाएँ हो चुकी हैं, जो यह बताने के लिए पर्याप्त हैं कि प्रदेश में क़ानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

You May Have Missed

error: Content is protected !!