हरियाणा की राजनीति में चौधरी बंसीलाल का विशेष प्रभाव- नायब सैनी

किरण ने हमेशा मजबूती से रखी हरियाणा की बात : मनोहर लाल

नई दिल्ली, 19 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में तोशाम की विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ, हरियाणा के लोकसभा चुनाव सहप्रभारी रहे पूर्व सांसद सुरेन्द्र नागर तथा पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस छोड़कर आईं दोनों नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई और पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल परिवार का पूरा समय हरियाणा की राजनीति को समर्पित रहा है। किरण चौधरी व श्रुति चौधरी के आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। भाजपा परिवार में उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा। हरियाणा की मजबूती और विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी बंसीलाल व उनके परिवार का हरियाणा की राजनीति में विशेष प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि किरण चौधरी व श्रुति चौधरी के साथ मिलकर भाजपा एक परिवार की तरह हरियाणा को मजबूत करने का काम करेगी।

शरीर कांग्रेस में तो मन भाजपा में रहा

केन्द्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है, जब हरियाणा की दो प्रमुख हस्तियां भाजपा में शामिल हो रही हैं, इससे हरियाणा में पार्टी को मजबूती मिलेगी। किरण चौधरी के साथ उन्होंने विधानसभा में काम किया है। साढ़े नौ वर्षो तक उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए किरण चौधरी के कार्य करने के तरीके को देखा है। किरण चौधरी शरीर से भले ही कांग्रेस में रही हों, पर वे प्रदेश सरकार के कार्यों से हमेशा प्रभावित रही, इसलिए कह सकते हैं कि उनका मन पहले से ही भाजपा की नीतियों में रहा। केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा में नए और पुराने का कोई विषय नहीं होता है। पार्टी में सभी को पूरा मान-सम्मान मिलता है। प्रदेश को किरण और श्रुति के भाजपा में आने से लाभ मिलेगा। मनोहर लाल ने कहा कि चौधरी बंसीलाल के साथ उन्होंने बहुत काम किया है। वर्ष 1996 से 1998 के शासनकाल में जब उनकी भाजपा के साथ सांझी सरकार थी तब उनके साथ काम करने का मौका मिला था।

प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित होकर ज्वाइन की भाजपा : किरण

पांच बार विधायक रही किरण चौधरी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासकारी नीतियों विशेषकर विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इसी सोच के साथ देश की जनता ने तीसरी बार उन्हें सत्ता सौंपी। प्रधानमंत्री के साथ उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यों की भी खुलकर प्रशंसा की और कहा कि पर्ची-खर्ची का सिस्टम खत्म कर उन्होंने नई दिशा दी है। इसलिए आज का युवा उज्ज्वल भविष्य देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चौधरी बंसीलाल के साथ काम किया है। चौधरी बंसीलाल की तरह ही मनोहर लाल ने भी ईमानदारी से अच्छा कार्य किया है।

किरण चौधरी ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। करीब 20 साल पहले उन्होंने हरियाणा विकास पार्टी का कांग्रेस में विलय करवाया था, अब वह साथ छोड़ दिया है। अब भाजपा की नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे और तीसरी बार भाजपा हरियाणा में जीत का परचम लहराएगी।

प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक फैसले लिए, देश का नाम चमकाया : श्रुति

पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशहित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। पूरे विश्व में भारत का नाम चमकाया है। वह भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रही है। उनके लिए गौरव की बात है कि चौधरी बंसीलाल के साथ श्री मनोहर लाल काम कर चुके हैं। चौधरी बंसीलाल व चौधरी सुरेन्द्र सिंह ने हरियाणा को विकसित बनाने के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि हम भाजपा में इसलिए जुड़ रहे हैं कि देश-प्रदेश को मजबूती के साथ आगे बढ़ा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!