गुडग़ांव, 10 मई (अशोक): 35 वर्ष भाजपा में रहने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल सिंह अम्मू ने पद और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया है, जिसकी जानकारी उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी लिखित में दे दी है और इसकी प्रति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी भेज दी है।

अम्मू ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर क्षत्रिय समाज के साथ अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा के राज में ही महारानी पद्मावत में संजय लीला भंसाली द्वारा क्षत्रिय समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने का दुस्साहस किया गया था, जिसका क्षत्रिय समाज ने विरोध भी किया था। विरोध करने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर असंख्य युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ भी किया गया था। इस प्रकार की कार्यवाही भाजपा शासित प्रदेशों में भी की गई थी, लेकिन आज तक युवाओं पर दर्ज किए गए झूठे मुकदमे वापिस नहीं लिए गए हैं। युवा इन मुकदमों को झेलते आ रहे हैं। उनका कहना है कि इसी प्रकार भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने क्षत्रिय समाज की माता-बहनों के प्रति भी अशोभनीय टिप्पणी की थी।

गौरतलब है कि सूरज पाल सिंह अम्मू 10 वर्ष की आयु में ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) से जुड़ गए थे और वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में भी रहे थे। भाजपा में रहते हुए उन्होंने विभिन्न पदों को सुशोभित भी किया था। वह क्षत्रिय समाज की करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने प्रदेश में भाजपा का जनाधार बढ़ाने में भी कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!