भाजपा की रैली से भीड़ गायब, जनता दिखा रही आईना : एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल

हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट का दावा, लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी जनता

हिसार : विभिन्न स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का विरोध करने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने कहा कि अब भाजपा की सच्चाई सामने आ रही है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता इतनी अधिक आक्रोषित है कि लोग भाजपा नेताओं को गांवों तक में नहीं घुसने दे रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रैली में भी नाममात्र के लोग दिखाई देते हैं और अधिकतर कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं।

एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि लोकलुभावन वादे करके और जनता को भ्रमित करके भाजपा दो बार लोकसभा चुनाव जीत चुकी है। अब जनता की आंखें खुल चुकी हैं और भाजपा की सच्चाई से लोग वाकिफ हो चुके हैं। इसलिए अब जनता इनके झूठे वादों व बड़े-बड़े दावों से भ्रमित होने वाली नहीं है। पूरे देश को पता है कि किस तरह से भाजपा सरकार ने किसानों को प्रताड़ित किया है। इसी भांति मजदूर, गरीब, पिछड़ा वर्ग, व्यापारी व नौकरीपेशा सहित हर वर्ग विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहा है। खोवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर रैली व जनसभाओं में बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन जनता अब इन्हें आईना दिखाने का काम कर रही है।

खोवाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा सरकारी मशीनरी व जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। ईडी व सीबीआई को ढाल बनाकर विपक्षी पार्टी के नेताओं पर दबाव बनाया गया है। इतना ही नहीं कई नेताओं को जेल भेजकर उनकी छवि खराब की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को भ्रष्ट साबित करके जनता को गुमराह करने की भाजपा की रणनीति रही है। भाजपा एक बार फिर इसी रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे कितनी ही चाल चल ले, इस बार लोकसभा चुनाव में उसकी दाल गलने वाली नहीं है क्योंकि काठ की हांडी चूल्हे पर बार-बार नहीं चढ़ा करती।

एडवोकेट खोवाल ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण उनके कई नेता पार्टी छोड़कर कांगे्रस में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी करके अपनी विचारधारा व सोच को स्पष्ट कर दिया है। दरअसल कांग्रेस इस लोकसभा चुनाव के माध्यम से जनता के न्याय की लड़ाई लड़ रही है और इस लड़ाई में पूरा देश कांग्रेस पार्टी के साथ है।

error: Content is protected !!