हक़ों की आवाज़ उठाने वालों को तानाशाही से कुचल रही है सरकार

गुरुग्राम,31 मार्च, 2024 – संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह अपने साथियों के साथ दिल्ली में इंडिया गठबंधन की लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा के 10 वर्ष के शासन में महँगाई, बेरोज़गारी एवं भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार से किसान,मज़दूर, महिलाएँ एवं युवा सभी परेशान है। भाजपा सरकार किसान, मज़दूर, महिला एवं युवाओं की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह से फ़ेल हो गई है।उन्होंने कहा कि आज कोई भी व्यक्ति अपने हकों के लिए आवाज़ उठाता है तो सरकार उसे तानाशाही से कुचल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का तथा किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी बनाने के क़ानून का वायदा किया था। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि किसानों की आय दोगुनी कब होगी? किसानों को एमएसपी कब मिलेगी? कॉरपोरेट का 16 लाख करोड़ माफ हो गया लेकिन हमारे किसान कर्ज से आत्महत्या क्यों कर रहे हैं?

उन्होंने कहा कि सरकार ने सालाना दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वायदा किया था। उन्होंने सरकार से पूछा कि सालाना 2 करोड़ नौकरियां कहां हैं? देश के कुल बेरोजगारों में 83% युवा क्यों हैं? देश में 30 लाख सरकारी पद खाली क्यों हैं? हर परीक्षा का पेपर लीक क्यों होता है?

उन्होंने कहा कि भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महँगाई को कम करने का वायदा किया था। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि महंगाई आज चरम पर क्यों है? घर चलाना मुश्किल क्यों है? आम लोग अपना परिवार क्यों नहीं चला पा रहे हैं?

उन्होंने कहा कि भाजपा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार को ख़त्म करने का वायदा किया था।उन्होने कहा कि आज भ्रष्टाचार चरम पर है।इलेक्ट्रॉन बॉण्ड भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि भाजपा जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थी,आज उन्हीं भ्रष्टाचारियों को भाजपा पार्टी में शामिल क्यों कर रही है? उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता भ्रष्टाचारी भाजपा को सबक़ सिखाएगी।

गुरुग्राम से लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने वालों में योगेन्द्र सिंह समसपुर, प्रमोद सैनी, संदीप सैनी, सुरेन्द्र, राकेश चौधरी, संदीप, हर्षित,निकेत, बाल किशन हुड्डा,आकाशदीप तथा अन्य सैकड़ों व्यक्ति शामिल थे।

error: Content is protected !!