गुरूग्राम जिला में महिलाओं के लिए बनेंगे स्पेशल पिंक बूथ – डीसी निशांत कुमार यादव

दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाता दे सकते हैं बैलेट पेपर से वोट

कमजोर तबके के लिए भी कुछ विशेष बूथ बनेंगे लोकसभा चुनाव में

गुरूग्राम, 27 मार्च। लोकसभा चुनाव-2024 के दौरान गुरूग्राम जिला में महिला वोटरों के लिए स्पेशल पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजनों और बुजुर्ग मतदाताओं को बैलेट पेपर से वोट देने की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। इस चुनाव में मतदाताओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नारी शक्ति का सम्मान करते हुए जिला में पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथ पर महिला कर्मचारियों व महिला सुरक्षाकर्मियों को ही तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये बूथ इसलिए बनाए जाएंगे कि महिलाएं भी वोट डालने के लिए घर से बाहर आएं और अपने अनुकूल वातावरण में मतदाधिकार का प्रयोग करें। जिला में पिंक बूथ बनाने के लिए अभी स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 85 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्गों तथा चलने-फिरने अक्षम दिव्यांग जनों की सुविधा के लिए बैलेट पेपर से वोट डलवाए जाएंगे। जो बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता बूथ पर जाकर वोट नहीं डालना चाहते, उनको चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद घर-घर जाकर फार्म 12 डी दिया जाएगा। यह नोटिफिकेशन 29 अप्रैल को जारी होगा और इसी दिन से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

जिला में हैं 21 हजार 728 बुजुर्ग
डीसी ने बताया कि फार्म 12 डी में मतदाता यह लिखकर बताएगा कि वह बूथ पर जाकर वोट देना चाहेगा या बैलेट पेपर से। नामांकन प्रक्रिया 6 मई को पूरी होगी। उसके बाद ये फार्म बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के घर से एकत्रित किए जाएंगे। जो मतदाता चाहेंगे कि वे घर से ही वोट देंगे, उनको बैलेट पेपर वितरित किए जाएंगे और चुनाव कर्मचारी उसी दिन उनके बैलेट पेपर पर निशान लगवा कर लेकर उन्हें सीलबंद कर देंगे। इस प्रक्रिया में मतदाता के गोपनीयता के अधिकार को बरकरार रखा जाएगा। निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिला में कुल 21 हजार 728 मतदाता 85 साल से अधिक आयु के हैं। इनमें पटौदी विधानसभा क्षेत्र में 4583, बादशाहपुर में 6927, गुरूग्राम में 6194 और सोहना हलके में 4024 वोटर हैं। दिव्यांग मतदाताओं की गणना की जा रही है। जो बुजुर्ग और दिव्यांग बूथ पर वोट डालने आएंगे, उनको वालंटियर सहयोग करेंगे।

कमजोर वर्ग के लिए भी बनेंगे स्पेशल बूथ
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सामाजिक व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए भी जिला में कुछ विशेष पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। ये बूथ अनुसूचित वर्ग की आबादी के अनुसार निर्मित होंगे। इन पर एससी वर्ग के ही कर्मचारी व अधिकारियों की पोलिंग पार्टी के रूप में नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान को प्रोत्साहन देने के लिए सभी वर्गों को पूर्ण सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा।

चुनाव में महिला कर्मचारियों की तैनाती होगी
डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिला में 62 सहायक बूथ सहित कुल 1332 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर चार कर्मचारी लगाए जाएंगे और बीस प्रतिशत पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। स्टाफ की कमी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी भी नियुक्त की जाएंगी। ये महिलाएं कार्यस्थल के समीप बूथ पर नियुक्त होंगी और मतदान सामग्री लेने के बाद घर जाने की अनुमति होंगी। महिला कर्मचारी 25 मई को पोलिंग वाले दिन सुबह 6 बजे बूथ पर आएंगी। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये महिलाएं वापस घर चली जाएंगी। केवल मतदान तक इनकी ड्यूटी रहेगी।

You May Have Missed