कहा : पेपरों की बिक्री व लीक मामले में बच्चों का भविष्य हुआ अन्धकारमय,

बोले : भाजपा सरकार 10वीं और 12वीं के पेपर भी ठीक तरह से नहीं करवा सकती, तो इन्हें एक दिन भी सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं

कैथल, 23 मार्च 2024 – हरियाणा की भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में बच्चों व युवाओं के भविष्य को बेचने का काम किया है। लगातार हो रहे पेपर लीक इस बात का गवाह है कि भाजपा सरकार को युवाओं के भविष्य व अधिकारों से कोई सरोकार नहीं है। ये आरोप भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल से प्रेस के माध्यम से विज्ञप्ति जारी करके भाजपा सरकार पर लगाए।

सुरजेवाला ने कहा कि पहले हरियाणा में नौकरी के पेपर लीक होते थे, अब 10वीं व 12वीं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। 6 मार्च, 2024 को सोनीपत में 12वीं का हिन्दी तथा डीएलडी का पेपर लीक हुआ। यही पेपर लीक सांपला, रोहतक में भी लीक हुआ। 6 मार्च, 2024 को ही नूँह में 12वीं का उर्दू का पेपर लीक हुआ। 13 मार्च, 2024 को पलवल में 12वीं का ‘राजनीतिक विज्ञान’ का पेपर लीक। 22 मार्च, 2024 को नूँह में 12वीं कक्षा का अंग्रेज़ी का पेपर लीक हो गया।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा सरकार से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या “नक़ल माफिया” व “पेपर लीक माफिया” की सरकार में मिलीभगत है ? क्या इन्हें सरकारी संरक्षण प्राप्त है? जब एक सेंटर से पेपर लीक हुआ तो स्वाभाविक तौर से ये पेपर व्हाट्सएप से सभी सेंटरों तक मिनटों में पहुँच गया होगा, तो फिर ये सब पेपर कैंसिल कर दुबारा परीक्षा क्यों नहीं करवाई? क्या केवल एक सेंटर की परीक्षा कैंसिल करने से पेपर लीक का हल निकल सकता है? क्या पेपर कैंसिल न कर भाजपा सरकार ने ये साबित नहीं कर दिया की वह पेपर लीक माफिया द्वारा बच्चों को पेपर बेच लाखों-करोड़ों की कमाई करने पर मोहर लगा रहे हैं? क्या ये सरकार में बैठे लोगों व पेपर लीक माफिया के गठजोड़ को नहीं दिखाता? भाजपा सरकार 10 साल के बाद भी पेपर लीक माफिया के ख़िलाफ़ कार्यवाही करने में फेल क्यों है? क्या इसलिए क्योंकि ये सारा धंधा सरकार के संरक्षण में चल रहा है? जो सरकार 10वीं और 12वीं के पेपर भी नहीं करवा सकती, क्या ऐसी भाजपा को एक दिन भी सत्ता में बने रहने का अधिकार हैं?

इन सभी सवालों का हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी जबाब दें नहीं तो गद्दी छोड़ दें।