भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ़ इण्डिया (कम्युनिस्ट) पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों की सूची की कड़ी में भिवानी – महेन्द्रगढ़ लोकसभा सीट से रोहतास सैनी को उम्मीदवार घोषित किया । वह किसान आंदोलन में संघर्षरत रहे तथा जन आंदोलनों को समर्पित पार्टी कार्यकर्ता हैं।

मीडिया से बात करते हुए कामरेड राजेन्द्र सिंह एडवोकेट हरियाणा राज्य सचिव एसयूसीआई(सी) ने कहा कि, यह पार्टी भारत में मेहनतकश वर्ग की एकमात्र भरोसेमंद क्रांतिकारी पार्टी है। जो अपने स्थापना काल से ही मेहनतकश वर्ग के हितों को लेकर संघर्षरत है। जन समस्याओं के खिलाफ लगातार अनुशासित व संगठित जन आंदोलन चलाते हुए समस्याओं के समाधान करने में विश्वास करती है। इसीलिए पार्टी ने जनता की समस्याओं को लेकर कई बड़ी लड़ाइयां लड़ी हैं और जीत भी हासिल की है। चुनाव को भी जन आंदोलन मानकर पार्टी हमेशा चुनाव लड़ती है और जन विरोधी नीतियां लागू करने वाली सत्ताधारी मौकापरस्त पूंजीवादी पार्टियों की सच्चाई उजागर कर जनता को सचेत व संगठित करने का काम करती है। वहीं इसके विपरीत दूसरी तरफ जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा व अन्य दकियानूसी सोच के आधार पर सांप्रदायिक पार्टियां जनता में फूट डालकर उन्हें बांटने का कार्य करती हैं। वह समाज में साम्प्रदायिक व कट्टर धार्मिक सोच, अनैतिहासिक व अवैज्ञानिक चिंतन को बढ़ावा दे रही हैं। देश के अन्दर धनबल, बाहुबल व मीडिया बल की राजनीति ने मूल्यपरक, लोकतांत्रिक व धर्मनिरपेक्ष राजनीति को हाशिए पर धकेल दिया है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट  के आदेश के बाद सामने आया चुनावी बांड का घोटाला इसकी  मिसाल है।जबकि हमारी पार्टी के संस्थापक काॅमरेड शिवदास घोष ने कहा है कि, “राजनीति उच्च स्तर की हृदयवृत्ति है।” इसलिए इस स्तर की राजनीति की मशाल प्रज्वलित करनी होगी। यही समय की मांग है।

आज देश में बेतहाशा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, घोटाले, पेपर लीक, महंगी होती शिक्षा व स्वास्थ्य, किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम न मिलना,

ओलावृष्टि व प्राकृतिक आपदा से फसलों की बर्बादी का मुआवजा न मिलना, सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण, बढ़ते अपराध, हिंसा, हत्या, रेप, गैंगरेप, आत्महत्या, अश्लीलता, नशाखोरी, महिलाओं की असुरक्षा, भुखमरी, भिक्षावृत्ति जैसी अनगिनत समस्याएं मुंह बाये खड़ी हुई हैं। लेकिन सरकार इन असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जाति-धर्म, क्षेत्र-भाषा, मंदिर-मस्जिद व फूटपरस्ती की भावना को बढ़ावा देने वाली तरह-तरह के नकली मुद्दे जनता के सामने ले आ रही हैं। इस तरह जनता को गुमराह कर सरकार पूंजीपतियों के स्वार्थ में काम कर रही है और पूंजीपतियों का मुनाफा बढ़ाने के लिए जन विरोधी नीतियां लागू कर रही है। 

परिणामस्वरूप देश में अमीरी और गरीबी के बीच बढ़ती खाई ने भयावह रूप ले लिया है। 

उन्होंने कहा कि जन समस्याओं  के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से चलाये जा रहे हर तरह के आंदोलन को कुचलने की साजिश रची जा रही है और तानाशाही तरीके से दमन का रास्ता अपनाया जा रहा है, जो एक लोकतांत्रिक देश में चिन्ताजनक है। इस तरह देश का लोकतांत्रिक ढांचा खत्म होने के कगार पर है। नागरिकों के जनवादी अधिकारों को छीना जा रहा है। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना को देशद्रोह कहा जा रहा है। लोकतांत्रिक मूल्यों की जगह तानाशाही फासीवाद ले रहा है। इस तरह विकास के नाम पर देश को गर्त में ले जाया जा रहा है। 

ऐसी विषम परिस्थितियों में एसयूसीआई(सी) पार्टी सड़क से सदन तक जन आंदोलन चलाते हुए जनहितों के लिए संघर्षरत है और आगामी लोकसभा चुनाव में देश के लगभग 22 राज्यों में 151 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। जिसमें, हरियाणा में 6 सीटों पर चुनाव लड़ने का पार्टी ने फैसला किया है। जिसमें भिवानी -महेन्द्रगढ लोकसभा क्षेत्र से काॅमरेड रोहतास सैनी पार्टी के उम्मीदवार होगें। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील है कि जनहितों की रक्षा हेतु जन आंदोलन तेज करने के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में मेहनतकश वर्ग की एकमात्र भरोसेमंद क्रांतिकारी पार्टी एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के प्रत्याशियों को विजयी बनायें।

वार्ता  में भिवानी महेंद्रगढ़ से प्रत्याशी काॅमरेड रोहतास सैनी, कामरेड फूल सिंह व पार्टी के जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश के अलावा डॉ व्रतपाल सिंह, छाजूराम रावत, मास्टर सुबे सिंह, सीताराम सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!