सिरसा से विधायक गोपाल कांडा ने ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया

प्रदेश में नई व्यवस्था बनाकर लोगों में नई उम्मीद जगाने का काम कर रही हरियाणा सरकार: गोपाल कांडा

सोहना (गुरूग्राम), 26 जनवरी। उपमंडल सोहना में 75वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया गया था। जहां पर सिरसा से विधायक श्री गोपाल कांडा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। एसडीएम प्रदीप सिंह द्वारा मुख्यातिथि का स्वागत किया गया।

देश के सभी जाने-अनजाने शहीदों को शहीद स्मारक पर पुष्प चढाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे विधायक श्री गोपाल कांडा ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गणतंत्र दिवस का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश में नई व्यवस्था बनाकर लोगों में नई उम्मीद जगाने का काम किया है। सबका साथ -सबका विकास के मूलमंत्र पर चलते हुए सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदली है और लोगों की तकदीर भी बदली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक संस्कृति में बड़ा बदलाव किया गया है। समान विकास, जन-जन के कल्याण और भ्रष्टाचार मुक्त के माध्यम से प्रदेशवासियों को एक नए विश्वास का एहसास करवाया गया है। आज हरियाणा के लोगों की आशाएं और आकाक्षाएं फलिभूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के कल्याण व उत्थान और हर क्षेत्र के समान विकास की बहुआयामी नीतियां लागू की गई हैं। विकास के लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि राष्ट्र स्वाभिमान के इस मौके पर हम सब देश व प्रदेश के नवनिर्माण में अपने पूरे सामर्थ्य से जुट जाने का संकल्प लें ताकि हमारा भारत देश वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन सके। उन्होंने सभी लोगों से एक बार फिर से राष्ट्र की एकता व अखण्डता को बनाए रखने का संकल्प दौहराने की भी अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि गणतंत्र दिवस के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग और बलिदान की एक लंबी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। श्री कांडा ने देश को आजादी दिलाने के लिए दिए गए स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया और उन्हें नमन किया।

मुख्यातिथि ने अपने संबोधन के उपरांत शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों, कार्यक्रम में शामिल परेड टुकड़ियों सहित समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को प्रंशसा पत्र भेंट कर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर सिविल जज(सीनियर डिवीजन) प्रचेता सिंह, सिविल जज सोहना उदिता, डीसीपी साउथ सिद्धान्त जैन, एसीपी नवीन संधू, तहसीलदार लच्छीराम, भाजपा के प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, लोकतंत्र सेनानी कृष्ण मुखी, एमसी सोहना की चेयरपर्सन अंजू देवी, मंच संचालक कृष्ण पाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!