किसानों को अपनी उपज का लाभकारी मूल्य तभी मिल सकता है जब एमएसपी गारंटी का क़ानून बनेगा

किसान हितों की रक्षा के महान उद्देश्य के लिए समर्पित होकर 750 से ज़्यादा किसानों ने अपने बहुमूल्य जीवन का बलिदान दे दिया

किसान आंदोलन में शहीद किसानों को सादर नमन

गुरुग्राम, 22 जनवरी, 2024 – संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि किसानों का भला तभी होगा जब उसको अपनी उपज का लाभकारी मूल्य मिलेगा। किसानों को अपनी उपज का लाभकारी मूल्य तभी मिल सकता है जब एसएसपी की गारंटी का क़ानून लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसान हितों की रक्षा के महान उद्देश्य के लिए समर्पित होकर 750 से ज़्यादा किसानों ने अपने बहुमूल्य जीवन का बलिदान दे दिया।किसान आंदोलन ने केंद्र की भाजपा सरकार को झुकने और उसके द्वारा थोपे गए तीन किसान-विरोधी काले कानूनों को रद्द करने के लिए मजबूर किया था।किसान आंदोलन की यह एक ऐतिहासिक जीत थी।

उन्होंने कहा कि किसानों की माँगो को पूरा करने का लिखित झूठा वादा करने वाली केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने वादाखिलाफी करके किसानों के साथ विश्वासघात किया है।उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का झूठा वादा करने वाली सरकार किसानों की आय तो नहीं बढ़ा पाई लेकिन किसानों की फ़सल की लागत और कर्ज़ दोगुना कर दिया।

उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है और एमएसपी की गारंटी का क़ानून लागू करना आज भी दूर की बात है।उन्होंने किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों को सादर नमन करते हुए कहा कि एसएसपी की गारंटी के क़ानून के लिए देश के किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए।