पूर्व से पश्चिम तक की भारत न्याय यात्रा स्थापित करेगी नए आयाम : लाल बहादुर खोवाल

राहुल गांधी द्वारा भारत न्याय यात्रा की घोषणा से हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट में उत्साह का माहौल

हिसार : मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू होने वाली भारत न्याय यात्रा को लेकर हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट में उत्साह का माहौल है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की भांति कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा भी ऐतिहासिक होगी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात व महाराष्ट्र की यात्रा करेंगे। 6200 किलोमीटर की यह बस यात्रा पूर्व से पश्चिम तक नए आयाम स्थापित करेगी। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि इससे पूर्व राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में 4500 किलोमीटर पैदल यात्रा की थी।

खोवाल ने कहा कि भारत न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी पीड़ित, शोषित व मूलभूत सुविधाओं से वंचित लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके साथ-साथ व्यापारी, नौकरीपेशा व न्याय के लिए जूझ रही महिलाओं से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो मन की बात में केवल अपनी बात कहते हैं लेकिन भारत न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी आम लोगों के मन की बात सुनेंगे। एडवोकेट खोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री व मंत्रियों का दायित्व होता है कि वे लोगों पर अपनी बात थोपने की अपेक्षा उनकी बात सुनकर समस्याओं का समाधान करें लेकिन इसके विपरीत भाजपा केवल बड़ी-बड़ी बातें ही कर रही है। इसलिए इस सरकार को जुमलेबाज सरकार कहा जाने लगा है। देखा जाए तो जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करना चाहिए वह कार्य जनता के बीच पहुंचकर राहुल गांधी कर रहे हैं।

हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि इतनी ठंड व कोहरे के बीच भारत न्याय यात्रा निकालना अपने आप में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से इस बात का सहज ही एहसास होता है कि राहुल गांधी कितने दृढ़संकल्पी हैं और जमीन से जुड़े राष्ट्रीय नेता हैं।

error: Content is protected !!